भाजपा नेता के हत्यारोपित गुड्डू चौहान के घर की कुर्की

चार साल पहले भाड़े के शूटरों से भाजपा नेता मदन चौहान की हत्या कराई थी। पुलिस ने आरोपित की भूमि में खेतीबाड़ी पर रोक लगाई। साथ ही एलआइसी पालिसी का भुगतान भी रोक दिया है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 03 Apr 2021 03:27 AM (IST) Updated:Sat, 03 Apr 2021 03:27 AM (IST)
भाजपा नेता के हत्यारोपित गुड्डू चौहान के घर की कुर्की
भाजपा नेता के हत्यारोपित गुड्डू चौहान के घर की कुर्की

जासं, मैनपुरी : भाजपा नेता मदन चौहान के हत्यारोपित गुड्डू चौहान पर पुलिस का शिकंजा कसने लगा है। एक लाख रुपये का इनाम घोषित होने के बाद भी आरोपित द्वारा न तो कोर्ट में आत्मसमर्पण किया गया और न ही पुलिस उसे गिरफ्तार कर सकी। अब पुलिस ने उसके घर की कुर्की करने के साथ ही उसकी बीमा पालिसी के भुगतान और खेतीबाड़ी पर रोक लगा दी है।

भाजपा नेता मदन चौहान एक जनवरी 2017 को करहल रोड स्थित पेट्रोल पंप पर थे। तभी ताबड़तोड़ फायरिग कर उनकी हत्या कर दी गई थी। इस घटना को भाड़े के शूटरों ने अंजाम दिया था। घटना का षड़यंत्र उस समय जेल में निरुद्ध गुड्डू चौहान निवासी श्रृंगार नगर शहर मैनपुरी ने रचा था। पुलिस ने उसे धारा 120-बी का आरोपित बनाया था, जिसमें उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया। जांच पूरी होने पर उसके खिलाफ अन्य आरोप भी साबित हुए। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। इस पर अपर पुलिस महानिदेशक ने उसकी गिरफ्तारी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। इसके बाद भी पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी। इसी बीच मदन चौहान के पुत्र शिवम चौहान की कार पर ताबड़तोड़ फायरिग की गई। जिसमें उनके गनर की पांच गोलियां लगने से मौत हो गई थी। इस घटना में भी गुड्डू चौहान को आरोपित किया गया था। तमाम कोशिश के बावजूद पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर पा रही थी।

शुक्रवार को दन्नाहार पुलिस ने शहर में श्रृंगार नगर स्थित उसके मकान की कुर्की की है। सीओ अभय नारायण राय ने बताया कि आरोपित की कृषि भूमि थाना करहल के गांव डुड़गांव में भी है। इस जमीन पर खेतीबाड़ी और बिक्री करने पर रोक लगा दी गई है। इसके साथ ही उसकी बीमा पालिसी के भुगतान पर भी रोक लगाई गई है। आरोपित के घर की कुर्की की जानकारी मुहल्ले के लोगों को लाउडस्पीकर के जरिए दी गई।

chat bot
आपका साथी