साइकिल यात्रा से क्रांतिकारियों की वीरगाथा का बखान

आजादी के अमृत महोत्सव के तहत यात्रा लेकर निकले हैं सीआइएसएफ के जवान बिहार से जा रही दिल्ली मैनपुरी में हुआ यात्रा का जोशीला स्वागत

By JagranEdited By: Publish:Sat, 25 Sep 2021 06:20 AM (IST) Updated:Sat, 25 Sep 2021 06:20 AM (IST)
साइकिल यात्रा से क्रांतिकारियों की वीरगाथा का बखान
साइकिल यात्रा से क्रांतिकारियों की वीरगाथा का बखान

संसू, भोगांव: आजादी की लड़ाई में बलिदान देने वाले क्रांतिकारियों की वीरगाथा का बखान करने के लिए देश के विभिन्न इलाकों से शुरू की गई साइकिल यात्रा का जिले में जोरदार स्वागत किया गया। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों ने साइकिल यात्रा में राष्ट्रभक्ति के नारे लगाकर लोगों को अमर बलिदानियों के बारे में जागरूक करने का प्रयास किया। यात्रा शनिवार को एटा के लिए रवाना होगी।

आजादी के 75 साल पूरे होने पर मनाए जा रहे अमृत महोत्सव के तहत केंद्र सरकार ने विभिन्न कार्यक्रम शुरू कराएं हैं। गृह मंत्रालय के निर्देश पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के जवानों की बिहार के पश्चिमी चंपारण से 11 सितंबर को शुरू हुई साइकिल यात्रा शुक्रवार को जिले में पहुंची। बेवर क्षेत्र में यात्रा का स्वागत किया गया। हाईवे पर थाना भोगांव के एसएसआइ विनोद कुमार ने साइकिल यात्रियों का स्वागत किया। देशभक्ति के नारों को लगाकर माहौल को जोशीला बना रहे सीआइएसएफ के जवान साइकिलों से आगे बढ़ते जा रहे थे। भोगांव चौराहा होते हुए फोरलेन के रास्ते यात्रा दोपहर बाद जिला मुख्यालय पहुंची। कुरावली रोड पर यात्रा को रात्रि विश्राम के लिए रोका गया है। यात्रा का नेतृत्व कर रहे सीआइएसएफ के इंस्पेक्टर श्यामल कुमार ने बताया कि साइकिल यात्री दो अक्टूबर को दिल्ली के राजघाट पहुंचेंगे। यहां आयोजित समारोह में साइकिल यात्रा का समापन कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि यात्रा का उद्देश्य आम लोगों को आजादी की लड़ाई में बलिदान करने वाले वीरों के बारे में विस्तृत जानकारी देना है। इस दौरान सीआइएसएफ के इंस्पेक्टर ओपी यादव, हीरालाल मीना, एसआइ विकास कुमार, आशुतोष कश्यप, चौ. आरिफ, राकेश कुमार, भावेश कुमार मौजूद रहे। हर रोज तय कर रहे 60 किमी की दूरी

सीआइएसएफ के जवान साइकिल यात्रा में प्रतिदिन तकरीबन 60 किमी की दूरी तय कर रहे हैं। उनके रूट पर सुरक्षा व्यवस्था के विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। यात्रा के दौरान आम लोगों को आजादी का महत्व बताया जा रहा है। शुक्रवार को कलक्ट्रेट पर यात्रियों ने शहीद स्तंभ पर पुष्पांजलि अर्पित की। साइकिल यात्रा में सीआइएसएफ के पश्चिमी चंपारण, लखनऊ के काकोरी व कानपुर के बिठूर के कुल 81 जवान शामिल हैं।

chat bot
आपका साथी