रिश्वतखोर बर्खास्त लेखपाल गिरफ्तार

हैसियत प्रमाण पत्र पर आख्या लगाने के लिए 20 हजार रुपये की रिश्वत लेने वाले लेख

By JagranEdited By: Publish:Wed, 06 Oct 2021 04:25 AM (IST) Updated:Wed, 06 Oct 2021 04:25 AM (IST)
रिश्वतखोर बर्खास्त लेखपाल गिरफ्तार
रिश्वतखोर बर्खास्त लेखपाल गिरफ्तार

जासं, मैनपुरी : हैसियत प्रमाण पत्र पर आख्या लगाने के लिए 20 हजार रुपये की रिश्वत लेने वाले लेखपाल को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया। उसे भ्रष्टाचार निवारण कोर्ट मेरठ भेजा गया है। रिश्वत का वीडियो वायरल होने के बाद लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई शुरू हो गई है।

तहसील किशनी के गांव टोडरपुर निवासी योगेंद्र सिंह ने हैसियत प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदन किया था। इस प्रमाण पत्र को जारी करने से पहले लेखपाल की आख्या मांगी जाती है। आरोप है कि क्षेत्रीय लेखपाल साबिर हुसैन ने आख्या लगाने के लिए 40 हजार रुपये की मांग की थी। बाद में 20 हजा रुपये में सौदा तय हो गया। रिश्वत देने से पहले योगेंद्र सिंह ने इस बात की जानकारी भाजपा के सेंटर संयोजक अपने गांव के सच्चिदानंद त्रिपाठी को दी। 30 जुलाई को सच्चिदानंद त्रिपाठी और योगेंद्र सिंह लेखपाल के पास पहुंचे। इस दौरान रिश्वत लेने का वीडियो बना लिया गया, जिसे इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वीडियो वायरल होते ही खलबली मच गई। जांच में आरोप की पुष्टि हुई तो तहसील किशनी के कानूनगो मयंक गोयल ने लेखपाल के खिलाफ छह अगस्त को दर्ज कराई थी।

एफआइआर दर्ज होने के बाद लेखपाल को निलंबित कर दिया गया था। उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई। भ्रष्टाचार का दोषी पाए जाने पर उसे बर्खास्त कर दिया गया था। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आरोपित लेखपाल फरार हो गया था। उसे मंगलवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पकड़े गए लेखपाल को भ्रष्टाचार निवारण कोर्ट मेरठ में पेश किया जाएगा।

chat bot
आपका साथी