गांव की सखियों ने संभाला कोरोना के खिलाफ मोर्चा
जासं महोबा वैक्सीनेशन को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को समझाने और टीकाकरण बूथ तक
जासं, महोबा : वैक्सीनेशन को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को समझाने और टीकाकरण बूथ तक लाने की जिम्मेदारी समूह की सखियों ने संभाल लिया है। पहले समूह की सदस्य पंचायत में बैठक कर रही हैं। इसके बाद क्षेत्र में यह सखी दीदी अपने अभियान में निकल पड़ती हैं।
जिले में कोरोना को हराने के लिए पहले निगरानी समितियों ने पूरा जोर लगा दिया। उसका परिणाम यह हुआ की जिले में संक्रमितों की संख्या धीरे-धीरे कम होती चली गई। आगे संक्रमण की लहर भी नहीं बढ़ सकी। अब इसी तरह का संकल्प लेकर निगरानी समिति के साथ समूह की सखियां वैक्सीनेशन को लेकर लोगों को समझा रही हैं। ज्योरइया में इसी तरह की बैठक कर महिला सदस्यों ने अपनी-अपनी जिम्मेदारी तय की।
ग्राम पंचायत सुगिरा में संकल्प प्रेरणा महिला ग्राम संगठन की अध्यक्ष अनीता दीदी, फूलवती दीदी कोविड- 19 वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित कर रही हैं। उन्होंने अपने अथक प्रयास से आठ समूहों की दीदियों को वैक्सीन लगवाई। जयंती दीदी पशुसखी महिला किसान सशक्तिकरण परियोजना, मां काली आजीविका स्वयं सहायता समूह ग्राम लाडपुर की ओर से लोगों को वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। संगीता राजपूत ने ग्राम मगरौलकला ग्राम में समूह की दीदी व ग्रामीणों को कोविड-19 वैक्सीन लगवाने के लिए जागरूकता अभियान चलाया।