कहीं हुई खरीद, कई केंद्रों पर सन्नाटा

सत्यापन के अभाव में दर दर भटक रहे किसान

By JagranEdited By: Publish:Thu, 15 Apr 2021 06:46 PM (IST) Updated:Thu, 15 Apr 2021 06:46 PM (IST)
कहीं हुई खरीद, कई केंद्रों पर सन्नाटा
कहीं हुई खरीद, कई केंद्रों पर सन्नाटा

महराजगंज: एक अप्रैल से क्रय केंद्रों पर गेहूं खरीद शुरू हो गई है। लेकिन खरीद की स्थिति फिलहाल ठीक नहीं है। कुछ क्रय केंद्रों पर तो खरीद हो रही है, लेकिन कई केंद्रों पर गुरुवार को सन्नाटा छाया रहा। केंद्र प्रभारी किसानों का इंतजार करते रहे। स्थान: नवीन मंडी समिति नौतनवा

समय: सुबह 11:30

नौतनवा स्थित नवीन मंडी समिति पर गुरुवार को किसान रामनाथ गेहूं की तौल करा रहे थे। यहां गेहूं के तीन केंद्र संचालित हैं, जिसमें प्रथम केंद्र पर 35 क्विंटल, द्वितीय केंद्र पर 143 क्विंटल व तृतीय केंद्र पर 20 क्विंटल ही खरीदारी हुई है, यहां बोरा, सैनिटाइजर, झरना मशीन उपलब्ध है। केंद्र प्रभारी गिरजेश कुमार मौर्य ने बताया कि तीनों केंद्र को मिलाकर चार किसानों ने ही गेहूं बिक्री किया है। किसान रामनाथ निवासी पहुनी करीब 50 क्विंटल गेहूं की तौल कराने यहां आए थे। उन्होंने कहा कि प्रति वर्ष तौल कराते हैं, इस वर्ष सत्यापन में विलंब हुआ, लेकिन तौल कराना भी जरूरी है। स्थान: क्रय विक्रय सहकारी समिति नौतनवा

समय-सुबह 11:50

क्रय विक्रय सहकारी समिति नौतनवा पर सन्नाटा पसरा हुआ था और कुर्सियां खाली थी। यहां अभी तक गेहूं खरीद नहीं हो पाई है जिससे स्थिति शून्य है। केंद्र प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि खरीद के लिए किसानों का इंतजार किया जा रहा है, लेकिन अभी तक बोहनी नहीं हुई, जबकि सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। स्थान - आदर्श उपभोक्ता सहकारी समिति भागीरथपुर।

समय- सुबह 10:40

आदर्श उपभोक्ता सहकारी समिति भागीरथपुर पर व्यवस्थापक विपुल कुमार बैठे थे। काटा, बोरा, पानी, नमी मापक यंत्र, मास्क मौजूद रहा, लेकिन इसके बाद भी एक भी ग्राम गेहूं तौल नहीं हो पाया। केंद्र प्रभारी ने बताया कि अभी तक एक भी किसानों का सत्यापन नहीं हो पाया है। जिसके कारण खरीद कराने किसान नहीं आ रहे हैं। स्थान- क्रय केंद्र बरगदवा मधुबनी

समय- 11: 30

क्रय केंद्र बरगदवा मधुबनी पर सन्नाटा था। केंद्र प्रभारी अशोक ने बताया कि अभी तक किसान नहीं आए हैं। किसानों ने बताया कि रजिस्ट्रेशन के लिए ओटीपी नहीं आ रही है। जिस कारण सत्यापन नहीं हो पा रहा है। केंद्र प्रभारियों को दिए गए निर्देश

नौतनवा: एसडीएम प्रमोद कुमार ने बताया कि गेहूं खरीद में तेजी के लिए केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया गया है और किसानों को भी सुझाव दिया गया है कि वे बिचौलियों के चक्कर में न पड़ें। अपना गेहूं क्रय केंद्रों पर ही बेचें।

chat bot
आपका साथी