आंधी के साथ हुई बारिश, पोल गिरने से विद्युत आपूर्ति बाधित

कई स्थानों पर जलनिकासी की समस्या से लगा पानी

By JagranEdited By: Publish:Sat, 08 May 2021 12:28 AM (IST) Updated:Sat, 08 May 2021 12:28 AM (IST)
आंधी के साथ हुई बारिश, पोल गिरने से विद्युत आपूर्ति बाधित
आंधी के साथ हुई बारिश, पोल गिरने से विद्युत आपूर्ति बाधित

महराजगंज: गुरुवार की रात से लेकर शुक्रवार की सुबह तक कई बार तेज हवा के साथ हुई जोरदार बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। इस दौरान आंधी के चलते जिले के विभिन्न जगहों पर पेड़ व विद्युत पोल गिर गए। पोल के गिरने से कई जगहों पर विद्युत व्यवस्था बाधित हो गई। शुक्रवार की देर शाम तक विद्युत विभाग के कर्मचारी बिजली व्यवस्था को दुरूस्त करने के लिए लगे रहे। बारिश के चलते नगर के कोतवाली समेत विभिन्न मुहल्लों में जलजमाव की स्थिति भी उत्पन्न हो गई। जिले में गुरुवार को पूरे दिन मौसम का मिजाज गर्म रहा। देर रात करीब एक बजे तक उमस व गर्मी के बाद आंधी व बारिश शुरू हुई तो मौसम में नमी आई। तेज आंधी की वजह से कई स्थानों पर विद्युत पोल क्षतिग्रस्त हो गए। सोनौली नगर पंचायत के बिस्मिलनगर वार्ड में विद्युत पोल के झुक जाने से वार्ड की विद्युत आपूर्ति दोपहर तक बाधित रही। महराजगंज नगर पालिका के कई वार्डों में जलनिकासी की समस्या से जलजमाव हो गया। जहां लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी हुई। मिठौरा संवाददाता के अनुसार सिदुरिया, पिपरा कल्याण, हरिहरपुर सहित तमाम गांवों में गुरुवार रात आए तेज तूफान के कहर से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। मिठौरा-देउरवा मार्ग पर जलजमाव हो जाने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इसी प्रकार घुघली, नौतनवा, आनंदनगर, निचलौल सहित अन्य क्षेत्रों में भी आंधी और बारिश साथ-साथ रही। मेंथा की फसल को राहत, सब्जियों को नुकसान

महराजगंज: गुरुवार की रात को हुई आंधी के साथ बारिश से जहां मेंथा की फसल को सिचाई में राहत मिली है वहीं सब्जियों की फसल को आंधी से काफी नुकसान पहुंचा है। निचलौल के बैदौली निवासी किसान रामअवध, सोनू, मिश्रौलिया निवासी अरविद आदि ने बताया कि टमाटर सहित अन्य सब्जियों के पौधों को आंधी से नुकसान पहुंचा है। तेज हवा के चलते बड़ी संख्या में पौधे टूट गए।

chat bot
आपका साथी