बिना मास्क के बस में सफर नहीं कर सकेंगे यात्री

बस में सिर्फ 25 यात्रियों को यात्रा कराएगा विभाग

By JagranEdited By: Publish:Thu, 22 Apr 2021 06:40 PM (IST) Updated:Thu, 22 Apr 2021 06:40 PM (IST)
बिना मास्क के बस में सफर नहीं कर सकेंगे यात्री
बिना मास्क के बस में सफर नहीं कर सकेंगे यात्री

महराजगंज: कोरोना के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए परिवहन निगम ने इसके नियंत्रण के लिए कठोर कदम उठाया है। अब बिना मास्क के यात्री बस में सफर नहीं कर सकेंगे। इसके लिए चालक, परिचालक को निर्देशित किया गया है। अगर कोई यात्री जबरन यात्रा करने की कोशिश करता है, तो उसे आगे के पुलिस स्टेशन पर उतारकर जुर्माना की कार्रवाई कराई जाएगी।

जिले में कोरोना के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। कोरोना के दूसरी लहर में महराजगंज जिला पांच सौ से अधिक मरीज मिलने वाले जनपदों की श्रेणी में आ गया है। इसलिए यहां काफी सतर्कता बरतने के लिए गाइड लाइन जारी की गई है। बसों में 50 फीसद क्षमता के साथ चलने की अनुमति दी गई है। साथ ही शारीरिक दूरी का पालन करना अनिवार्य होगा। एआरएम महेंद्र पांडेय ने बताया कि बसों को सैनिटाइज कर निकाला जा रहा है। बस में बिना मास्क के यात्रियों को नहीं बैठने दिया जाएगा। बस चालक और परिचालक भी मास्क लगाएंगे। यात्रियों का बुखार भी नापा जा रहा है। इसका कड़ाई से पालन कराने के लिए चालक, परिचालक को निर्देशित किया गया है। अगर कोई विवाद करेगा, तो उसे आगे के पुलिस स्टेशन पर उतारकर जुर्माना के साथ विधिक कार्रवाई भी कराई जाएगी। चालक, परिचालक से उलझ जाते हैं कुछ यात्री

कोरोना को लेकर कुछ यात्री अभी भी बेफिक्र हैं। चालक, परिचालक के साथ कुछ अन्य यात्रियों के मास्क लगाने के लिए समझाने पर वह उलझ जाते हैं। जिसके कारण विवाद की स्थिति भी उत्पन्न हो जाती है। इससे स्थिति से चालक, परिचालक परेशान भी हैं। चुनाव में गईं 36 बसें

महराजगंज डिपो में परिवहन की सुविधा के लिए 53 बसें हैं। इसमें 45 बसें परिवहन निगम की तथा आठ बसें अनुबंधित हैं। लेकिन इसमें 36 बसें फिर चुनाव ड्यूटी के लिए भेज दी गईं हैं, जिससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों की परेशानियों का फायदा डग्गामार वाहन उठा रहे हैं। भूसे की तरह सवारी भर रहे हैं और मनमाना किराया वसूल रहे हैं।

chat bot
आपका साथी