अधिकारी व कर्मचारी सरकार की छवि कर रहे धूमिल: नरसिंह
2015 के आरक्षण में साजिश के तहत किया गया फेरबदल
महराजगंज: यूपी की सरकार सही तरीके से काम कर रही है, लेकिन अभी भी कुछ अधिकारी और कर्मचारी अन्य पार्टियों की मानसिकता के हैं,जो सरकार को बदनाम करने में तुले हैं। जबकि जिला पंचायत के आरक्षण को लेकर सरकार ने अधिकारियों को चेतावनी दी थी कि पूरी निष्पक्षता पूर्वक आरक्षण तैयार किया जाना चाहिए। जिससे किसी भी व्यक्ति को शिकायत करने का मौका न मिले। यह बातें हियुवा जिलाध्यक्ष नरसिंह पांडेय ने कैंप कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में कही। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत के आरक्षण में कुछ खास लोगों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से कूट रचित ढंग से 2015 के आरक्षण में फेरबदल किया गया है। इस पूरी साजिश में अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं। उन्होंने कहा इसकी शिकायत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की जाएगी और इसकी उच्च स्तरीय जांच कराकर सरकार को बदनाम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को बेनकाब किया जाएगा। दोषी कोई भी हो वह बच नहीं पाएगा। पंचायत से पार्लियामेंट तक होगी भाजपा की सरकार : सुभाष यदुवंश
महराजगंज: भाजपा कार्यालय पर गुरुवार को महराजगंज जिले के प्रभारी सुभाष यदुवंश ने पंचायत चुनाव को लेकर सभी मोर्चा अध्यक्ष एवं महामंत्रियों के साथ बैठक की। संबोधित करते हुए जिला प्रभारी यदुवंश ने कहा कि पंचायत से पार्लियामेंट तक भाजपा की सरकार बनाने का पार्टी का नारा है, जिसको पूरी तरह से इस पंचायत चुनाव में जमीन पर उतरना है। इसके लिए केंद्र व प्रदेश सरकार की चल रही जनकल्याणकारी योजनाओं को जन- जन तक पहुंचाना ही हमारा लक्ष्य होना चाहिए।
जिला प्रभारी सुभाष यदुवंश ने कहा कि भाजपा कभी भी जाति एवं धर्म आधारित राजनीति की पक्षधर नहीं रही है। हम ऐसी पार्टी के लिए कार्य करते हैं जिसके लिए देश सर्वप्रथम, पार्टी दूसरे नंबर पर और स्वंय को सबसे अंत मे देखते है। पूरे प्रदेश की जनता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नीतियों से अत्यंत खुश है। भारतीय जनता पार्टी को सभी वर्ग के लोगों का समर्थन मिल रहा है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के आगे सभी प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो जाएगी। भाजपा आम कार्यकर्ताओं को चुनाव में टिकट देकर जिताने का कार्य करेगी। इसके पहले सपा, बसपा के प्रत्याशी धनबल एवं बाहुबल के बूते जीत हासिल करते थे, और जनता के हितों से उनका कोई वास्ता नहीं रहता था। बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष परदेसी रविदास, भाजयुमो जिलाध्यक्ष दिनेश जायसवाल, महिला मोर्चा अध्यक्ष मधु पांडेय, अनुसूचित मोर्चा जिलाध्यक्ष नागेंद्र प्रसाद,पिछड़ा मोर्चा जिला अध्यक्ष शम्भू वर्मा,अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष मासूम रजा राही,वीरेंद्र चौहान, भगवंत प्रसाद आदि मौजूद रहे।