धान की फसल में कीट व मक्खियों के प्रकोप से किसान परेशान
महराजगंज धान की फसल में इस समय गंधी कीट और मक्खियों का प्रकोप बढ़ जाने से किसान परेशान ह
महराजगंज: धान की फसल में इस समय गंधी कीट और मक्खियों का प्रकोप बढ़ जाने से किसान परेशान हैं। इसके साथ ही खेतों में तना छेदक का भी प्रकोप काफी तेज है, जिससे खेतों में धान की फसल में खड़ी बालियां सूख जा रही हैं। बृजमनगंज विकास खंड क्षेत्र के किसानों की माने तो पिछले वर्ष धान की फसल में हल्दिया रोग काफी प्रभावित रहा था। हालांकि इस बार अभी यह रोग नहीं के बराबर है। क्षेत्र के रामजीत सहानी, रामउजागिर,महेंद्र यादव, लाल मोहम्मद, हरिराम सहानी समेत कई किसानों ने बताया कि धान की अगेती फसलों में बालियां निकल रही हैं। जिसमें तना छेदक कीट मुख्य तने को जहां से बालियां निकलती है काट दे रहे हैं। जिससे बालियां सूख जा रही हैं। वहीं दूसरी तरफ जुबेर अहमद, दीनानाथ मौर्य, रामअवध प्रसाद,बबलू , मोहम्मद रजा, समेत तमाम किसानों की माने तो इस समय धान के जिन प्रजाति में बालियां निकल रही हैं, वहां तेजी से मक्खियां और गंधी कीट भी लग रहे हैं। जो फसलों को काफी प्रभावित कर रहे हैं। जिला कृषि रक्षा अधिकारी हिमांचल सोनकर ने बताया कि ऐसी स्थिति बनी रहने पर किसानों को अपेक्षित पैदावार मिल पाना कठिन है। तना छेदक पर नियंत्रण के लिए किसानों को अपने खेतों में लेम्डा का छिड़काव करना चाहिए। गंधी कीट और मक्खियों के लिए फेनवल, मैलाथ्यान अथवा क्लोरो पायरीफोस का डस्ट
हर हाल में खेतों में डालें। यदि किसानों ने थोड़ी भी लापरवाही की तो पैदावार प्रभावित हो जाएगी। अभी धान की पौधों में बाली आ रही है, ऐसे में तत्काल उपाय शुरू कर दें।