भक्तों ने मां कात्यायनी देवी का दर्शन कर मांगा आशीर्वाद

महराजगंज शारदीय नवरात्र के छठवें दिन भी मंदिरों में दर्शन-पूजन व अर्चन के लिए श्रद्धालुओं का

By JagranEdited By: Publish:Thu, 22 Oct 2020 05:37 PM (IST) Updated:Thu, 22 Oct 2020 05:37 PM (IST)
भक्तों ने मां कात्यायनी देवी का दर्शन कर मांगा आशीर्वाद
भक्तों ने मां कात्यायनी देवी का दर्शन कर मांगा आशीर्वाद

महराजगंज: शारदीय नवरात्र के छठवें दिन भी मंदिरों में दर्शन-पूजन व अर्चन के लिए श्रद्धालुओं का रेला लगा रहा। मां दुर्गा के छठवें स्वरूप मां कात्यायनी देवी का श्रद्धालुओं ने पूजन कर आशीर्वाद मांगा। मां के जयकारे, घंटा-घड़ियाल व शंख की आवाज से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

गुरुवार को शहर मुख्यालय स्थित दुर्गा मंदिर, शक्ति पीठ लेहड़ा वाली मां, बनैलिया देवी समेत सभी मंदिरों के कपाट भोर में खुलते ही दर्शन-पूजन शुरू हो गया। भक्तों ने मां के दर्शन किए। फूल-माला, चुनरी व प्रसाद चढ़ाया। धूप, कपूर व अगरबत्ती जलाकर श्रद्धालुओं ने मत्था टेका। नारियल फोड़ा और आरती उतारी। सभी ने मां से पूरे परिवार पर कृपा बरसाने की कामना की। बोकड़ा माता, बनैलिया माता मंदिर के पास श्रद्धालुओं के भीड़ के कारण मेला जैसा दृश्य रहा है। आनंदनगर संवाददाता के अनुसार प्रसिद्ध शक्तिपीठ लेहड़ा मंदिर पर मां के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। यहां महिला-पुरुष के लिए अलग-अलग लाइन बनाई गई थी। शारीरिक दूरी के बीच लोगों ने मां के दर्शन किए और आशीर्वाद मांगा।

नौतनवा के मां बनैलिया मंदिर पर श्रुद्धालओं ने मां के जयकारे के साथ पूजा-अर्चन किया और मां के दरबार में शीश नवा कर मन्नतें मांगी। नगर के काली मंदिर पर भी पूजा करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर पर प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के इंतजाम भी किए गए थे। निचलौल क्षेत्र के देवी मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। मां के जयकारे के साथ देवी की आराधना की गई। इस दौरान शक्ति पीठों समेत सभी मंदिरों पर प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। पुलिस की मुस्तैदी से पूरा दिन शांत गुजरा।

chat bot
आपका साथी