बाढ़ में फंस गए विकास के कदम

बिजली पेयजल व चिकित्सा जैसी आधारभूत सुविधाएं भी सुदृढ़ हुई हैं लेकिन मुख्य सड़कों से जुड़े अधिकांश लिंक मार्ग अभी भी जर्जर हालत में हैं। उन पर चलना दुश्वार है। आजादी के पहले सदर विधानसभा क्षेत्र के घुघली में संचालित चीनी मिल वर्षों से बंद है उसके संचालन या नई चीनी मिल की स्थापना के लिए विधायक का मुद्दा न उठाना क्षेत्रीय जनता को साल रहा है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 28 Aug 2021 01:46 AM (IST) Updated:Sat, 28 Aug 2021 01:46 AM (IST)
बाढ़ में फंस गए विकास के कदम
बाढ़ में फंस गए विकास के कदम

महराजगंज : सदर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जयमंगल कन्नौजिया के चार साल के कार्यकाल पर नजर डाली जाए तो उनका पूरा फोकस चिकित्सा, सड़क और पुल-पुलिया के निर्माण पर रहा है। विधायक निधि सहित अन्य परियोजनाओं की अधिकांश धनराशि इसी मद में खर्च की है। बीते चार साल में कई काम हुए, लेकिन बाढ़ग्रस्त इलाकों में आकर विकास के कदम रुक गए। केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से विधानसभा क्षेत्र से होकर गुजरने वाली मुख्य सड़कें बेहतर हुई हैं।

बिजली, पेयजल व चिकित्सा जैसी आधारभूत सुविधाएं भी सुदृढ़ हुई हैं, लेकिन मुख्य सड़कों से जुड़े अधिकांश लिंक मार्ग अभी भी जर्जर हालत में हैं। उन पर चलना दुश्वार है। आजादी के पहले सदर विधानसभा क्षेत्र के घुघली में संचालित चीनी मिल वर्षों से बंद है, उसके संचालन या नई चीनी मिल की स्थापना के लिए विधायक का मुद्दा न उठाना क्षेत्रीय जनता को साल रहा है। केंद्र व प्रदेश में सरकार होने के बाद भी जिला मुख्यालय को रेल मार्ग से जोड़ने के मामले में भी अपेक्षित पहल नहीं हो सकी है। चीनी मिल और रेल लाइन विधानसभा क्षेत्र के बड़े मुद्दे हैं। जिन पर सार्थक परिणाम के लिए क्षेत्र की जनता टकटकी लगाए हुए है। सदर विधायक ने पूरे कार्यकाल में महज चार बार जनसमस्याएं क्यों उठाईं, जनता इस पर सवाल भी करती है।

विधायक ने निधि से मिली सात करोड़ की धनराशि का अधिकांश उपयोग इंटरलाकिग सड़क, नाली, पुल-पुलिया व धर्मशाला के निर्माण में किया गया है। शहर से चौक मार्ग, शिकारपुर से घुघली मार्ग, महराजगंज रोडवेज बस डिपो भवन के लिए छह करोड़ की स्वीकृति, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोपाला का निर्माण, कटहरा शिव मंदिर और अमोढ़ा प्राचीन शिव मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए धन का प्रस्ताव विधायक के कार्यकाल की उपलब्धि है। घुघली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर आक्सीजन प्लांट लग जाने से जनता खुश है। वहीं, रोहिन के तटवर्ती बाढ़ग्रस्त इलाकों की जनता चार साल से अधिक समय बीतने के बाद भी समस्या के स्थायी समाधान का इंतजार कर रही है, लेकिन लगातार मांग के बाद भी बांध बनाने की दिशा में कुछ नहीं हुआ। बदहाल पड़े सिदुरिया-झनझनपुर मार्ग, चिउरहा-बागापार मार्ग, अगया-पुरैना मार्ग, भिटौली से हरपुर महंथ मार्ग, शिकारपुर में देवरिया शाखा नहर के जर्जर पुल की मरम्मत और भिटौली में थाना निर्माण की मांग भी पूरी नहीं हुई है। ''एक विधायक के तौर पर मैंने अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन किया है। भाजपा का कार्यकर्ता हूं। पार्टी जो कहती है, वह करती है। जिले में मेडिकल कालेज व कृषि विद्यालय की स्थापना मेरा लक्ष्य है। इसके लिए पुरजोर पहल कर रहा हूं। महराजगंज बस डिपो को नाम दिलाने के साथ ही नए भवन के लिए धन स्वीकृत कराना मेरे कार्यकाल की बड़ी उपलब्धि है। विधायक निधि की एक-एक पाई जनता के हित में खर्च की है। क्षेत्र के प्राचीन मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए पहलकर धन लाना भी मेरे कार्यकाल की उपलब्धि है। चुनाव के समय जनता से जो भी वादे किए थे, उनमें से अधिकांश वादों को पूरा कर चुका हूं। जो बचे हैं, उन्हें भी समय रहते पूरा कराने का प्रयास है। मेरे कार्यकाल में जितने कार्य हुए, उतने कार्य अब तक सदर विधानसभा क्षेत्र में कभी नहीं हुए। ''

जयमंगल कन्नौजिया, सदर विधायक, महराजगंज ''जगह-जगह टूटी सड़कें देखकर सदर विधानसभा क्षेत्र की बदहाली का अंदाजा लगाया जा सकता है। मुख्यमंत्री व केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री महराजगंज से जुड़े हुए हैं। फिर भी जिला मुख्यालय रेल लाइन से अब तक नहीं जुड़ सका है। पूरे कार्यकाल के दौरान विधायक एक भी विद्यालय नहीं बनवा सके, लेकिन बड़े पैमाने पर मैरेज हाल जरूर बनवाया जा रहा है। जब हमारी पार्टी सत्ता में थी, तब बहुत कार्य हुए। इस शासनकाल में पूरी गतिविधियां सिर्फ कागजों में ही संचालित हैं।

निकटतम प्रतिद्वंदी निर्मेष मंगल, सपा नेता

''सदर विधायक क्षेत्र में बाढ़ की समस्या का समाधान नहीं करा सके हैं। रोहिन नदी के कटान से प्राचीन राजगढ़ मंदिर व जगपुर गांव का अस्तित्व खतरे में है। नदी की धारा को रोकने के लिए जालीदार ठोकर लगवाने की मांग लंबे समय से हो रही है, लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया गया।

-हरीश आर्य, केवलापुर खुर्द

''विधायक का कार्य संतोषप्रद कहा जा सकता है। भाजपा शासनकाल में सड़कों का जाल बिछा है। लेकिन बागापार क्षेत्र की कुछ सड़कें अब भी जर्जर हैं। बारिश के समय में लोगों को आने-जाने में समस्या होती है। विधायक से उम्मीद है कि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान कराएंगे।

विजय सिंह संत, बागापार

''सदर विधायक ने गोपाला में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की सौगात देने का कार्य किया। लोगों को आस थी कि घुघली चीनी मिल चलेगी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। उम्मीद है कि विधायक चीनी मिल चलवाने के लिए सदन में इस मुद्दे को उठाएंगे।

विजय कुमार मिश्र, घुघली

''देश व प्रदेश की सरकार बेहतर कार्य कर रही है, जिससे जनता भी संतुष्ट है। राज्य सरकार के विकास कार्यों से अलग अपने व्यक्तिगत कार्य भी क्षेत्रीय विधायक को दिखाना चाहिए। निश्चित रूप से विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न योजनाओं के माध्यम से विकास हुआ है।

आर्या पाठक, राजी गांव

chat bot
आपका साथी