अयोध्या में श्रीराम मंदिर के शिलान्यास पर नेपाल में मना उत्सव

विश्व हिन्दू परिषद नेपाल के आह्वान पर मंदिरों व घरों में हुई पूजा-अर्चना

By JagranEdited By: Publish:Wed, 05 Aug 2020 06:25 PM (IST) Updated:Wed, 05 Aug 2020 06:25 PM (IST)
अयोध्या में श्रीराम मंदिर के शिलान्यास पर नेपाल में मना उत्सव
अयोध्या में श्रीराम मंदिर के शिलान्यास पर नेपाल में मना उत्सव

महराजगंज: अयोध्या में श्रीराम मंदिर के शिलान्यास को लेकर पड़ोसी देश नेपाल में भी उत्सव का माहौल है। यहां घर-घर दीपावली मनाई जा रही है। सीमावर्ती रूपनदेही, नवलपरासी से लेकर राजधानी काठमांडू तक लोगों ने मंदिर का शिलान्यास होने पर पटाखा फोड़कर खुशी का इजहार किया। मंदिरों में अखंड रामायण का पाठ कर प्रभु श्रीराम के जयकारे लगे। विश्व प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर में रूद्राभिषेक व विशेष पूजा का आयोजन कर अयोध्या में भव्य मंदिर निर्माण के लिए भगवान शिव से प्रार्थना की गई। मंदिर के पुजारी मूल भट्ट की अगुवाई में संहिता शास्त्री अर्जुन प्रसाद बास्तोला आदि लोगों ने रुद्राभिषेक संपन्न कराया। जनकपुर में भी श्रीराम मंदिर के शिलान्यास कार्यक्रम की धूम है। वहां के जानकी मंदिर में भक्तों ने पूजा -अर्चना कर अखंड रामायण का पाठ किया। महिलाओं ने शोभायात्रा निकाली।

गौतम बुद्ध की जन्मस्थली लुंबिनी में लोग खुशी का इजहार करने घरों से बाहर निकले। विश्व हिदू परिषद नेपाल के आह्ववान पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों को तीन चरणों में बांटा गया था। सुबह से लेकर मंदिर का शिलान्यास होने तक मंदिरों व घरों में श्रीराम स्तुति, दोपहर बाद जगह-जगह शोभायात्रा व शाम को घर-घर दीपोत्सव का आयोजन कर खुशी मनाई गई। विश्व हिन्दू परिषद नेपाल के महासचिव जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि कोरोना संक्रमण के कारण फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए भजन-कीर्तन व शोभा यात्रा का आयोजन हुआ। परिषद के कार्यकर्ताओं के साथ ही नेपाल की जनता ने भी अपने आराध्य के मंदिर निर्माण के शुभारंभ होने पर खुशी जताई। भारतीय सीमा से सटे जनपदों के साथ ही पहाड़ पर स्थित गोरखा, दोखला, कैलाली, कंचनपुर, रामेछाप आदि में भी धूमधाम के साथ मंदिर निर्माण पर भक्तों द्वारा शोभायात्रा निकाली गई।

chat bot
आपका साथी