बहना ने भाई की कलाई पर बांधा प्यार, भाइयों ने दिया उपहार

बहनों ने भाइयों की कलाई पर रक्षाबंधन बांधकर दीर्घायु होने की कामना की

By JagranEdited By: Publish:Mon, 03 Aug 2020 04:59 PM (IST) Updated:Mon, 03 Aug 2020 04:59 PM (IST)
बहना ने भाई की कलाई पर बांधा प्यार, भाइयों ने दिया उपहार
बहना ने भाई की कलाई पर बांधा प्यार, भाइयों ने दिया उपहार

महराजगंज: प्रेम और स्नेह का पर्व रक्षाबंधन पूरे जिले में धूमधाम से मनाया गया। बहनों ने भाइयों की कलाई पर रक्षाबंधन बांधकर उनके दीर्घायु होने की कामना की। वहीं भाइयों ने भी बहन के लिए रक्षा का संकल्प लिया और उपहार देकर उनकी खुशियों में शरीक हुए। सुबह से ही रक्षाबंधन को लेकर चहल पहल रही। इस दिन बहनें अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधती हैं। ये त्योहार भाई-बहन के अटूट रिश्ते, प्यार, त्याग और समर्पण को दर्शाता है। राखी बांधकर बहनें अपने भाइयों की लंबी उम्र और सुख की कामना करती हैं। वहीं, भाई उन्हें वादा देते हैं कि वो उनकी जिदगी भर रक्षा करेंगे। नेपाल बार्डर सील होने की वजह से दोनों देशों के बीच आवाजाही नहीं हो पाई। सोनौली, निचलौल, कोल्हुई, पुरंदरपुर, फरेंदा, सिसवा, परतावल, पनियरा बाजार में काफी रौनक नहीं रही। सुरक्षा को लेकर पुलिस के जवान भी मुस्तैद रहे।

बसों के इंतजार में खड़ी रहीं महिलाएं:

रक्षाबंधन त्योहार के लिए परिवहन निगम की ओर से अतिरिक्त बसों का इंतजाम किया गया था। इसके बाद भी बसों में भीड़ कम नहीं हुई। डिपो में घंटों लोगों को इंतजार करना पड़ा। फिजिकल डिस्टेंसिग का पालन करने के लिए अधिकारी लगे रहे।

132 बंदियों की कलाई पर बांधी राखी

प्रभारी जेल अधीक्षक अविनाश कुमार ने बताया कि जेल में 132 राखी पहुंची। सुबह इन राखियों को विभिन्न बैरकों में संबंधित बंदी तक पहुंचा दिया गया। सुबह नौ बजे के करीब साथी बंदियों ने एक दूसरे को राखी बांधी। बंदियों के लिए विशेष पकवान बनाए गए थे।

सिदुरिया-परतावल में तीन घंटे जाम

सुबह नौ बजे के करीब कोतवाली के सिदुरिया चौकी पर भीषण जाम लग गया। जिसकी वजह से महराजगंज-निचलौल, शिकारपुर, सिसवा और झझनपुर रोड पर जाम लग गया। सूचना के बाद यातायात निरीक्षक को सिदुरिया भेजा गया। यातायात निरीक्षक बरजोर सिंह ने जाम खुलवाया।

chat bot
आपका साथी