बढ़ी सरगर्मी , निर्दलियों को साधने में जुटे दिग्गज

महराजगंज जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव की घोषणा होते ही महराजगंज जिले का सियासी तापमान चढ

By JagranEdited By: Publish:Wed, 16 Jun 2021 11:53 PM (IST) Updated:Wed, 16 Jun 2021 11:53 PM (IST)
बढ़ी सरगर्मी , निर्दलियों को साधने में जुटे दिग्गज
बढ़ी सरगर्मी , निर्दलियों को साधने में जुटे दिग्गज

महराजगंज: जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव की घोषणा होते ही महराजगंज जिले का सियासी तापमान चढ़ने लगा है। भाजपा के साथ ही विपक्षी दल सपा, बसपा व कांग्रेस की गतिविधियां भी तेज हो गईं हैं। सभी निर्दलियों को साधने में जुटे हैं।

अब तक जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर कब्जा जमाने वाली भाजपा किसी भी कीमत पर इस प्रतिष्ठा परक सीट को छोड़ने को तैयार नहीं है। 47 में से महज सात सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों के जीतने के चलते इस बार पार्टी का गणित गड़बड़ा गया है। जीत के जादुई आंकड़े तक पहुंचने के लिए सांसद पंकज चौधरी सहित भाजपा के दिग्गज लगे हुए हैं। दो दिन पूर्व इंटरनेट मीडिया पर भाजपा के पक्ष में 27 जिला पंचायत सदस्यों की बैठक करते फोटो वायरल होने के बाद सरगर्मी और बढ़ गई। इनमें से भाजपा के अलावा अधिकांश चेहरे निर्दलीय थे। सपा व बसपा के भी कुछ जिला पंचायत सदस्य वहां मौजूद थे। एक पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष की मौजूदगी तो चर्चा का विषय बनी है।

बैठक की फोटो वायरल होने के बाद सपा ने भी अपनी रणनीति को आगे बढ़ाते हुए सदस्यों को सहेजना शुरू कर दिया। सभी दल निर्दलियों के समर्थन का दावा कर रहे हैं। बैठकों का दौर जारी है। विपक्षी बसपा ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं, वहीं कांग्रेस ने विपक्षी एकता के नाम पर सपा उम्मीदवार को समर्थन देने का फैसला लिया है।

---------

जिला पंचायत पर रहा है भाजपा का कब्जा:

महराजगंज में जिला पंचायत के गठन के बाद से ही अध्यक्ष की कुर्सी पर भाजपा का कब्जा रहा है। अब तक यहां का पूरा समीकरण सांसद पंकज चौधरी के इर्द-गिर्द ही घूमता रहा है। पहले जिलाध्यक्ष उनके भाई प्रदीप चौधरी रहे। उसके बाद उनकी माता उज्ज्वला चौधरी को कमान मिली। इसी क्रम में धर्मा देवी अध्यक्ष की कुर्सी पर बैठीं। अगले क्रम में प्रभुदयाल चौहान जिला पंचायत अध्यक्ष बनें। हालांकि अंतिम समय में सांसद पंकज चौधरी व प्रभुदयाल में दूरियां बढ़ गई , जिसके चलते उन्होंने सपा का दामन थाम लिया।

------------------------

भाजपा पूरी दमदारी के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव लड़ेगी। निर्दलियों के साथ ही दूसरे दलों के जिला पंचायत सदस्य भी भाजपा के संपर्क में हैं। अध्यक्ष के चुनाव में सभी दलों का समर्थन मिल रहा है। चुनाव में भाजपा प्रत्याशी की जीत तय हैं।

परदेसी रविदास, जिलाध्यक्ष, भाजपा

-----

जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए सपा अपने घोषित उम्मीदवार को विजयश्री दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ेगी।

पार्टी ने दुर्गा प्रसाद यादव को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। इस बार जिला पंचायत अध्यक्ष की सीट पर सपा प्रत्याशी की जीत होगी। इसी चुनाव से जिले में परिवर्तन की झलक दिखाई देगी।

आमिर हुसैन, जिलाध्यक्ष, सपा

-----

कांग्रेस के सभी जिला पंचायत सदस्य इस बार जिला पंचायत अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा के विरोध में सपा उम्मीदवार के साथ खड़े हैं। चुनाव में स्पष्ट रूप से परिवर्तन होगा। जिला पंचायत सदस्य परिवर्तन का मन बना चुके हैं।

शरद कुमार सिंह, अध्यक्ष , कांग्रेस पार्टी , महराजगंज

------

महराजगंज जिले में बहुजन समाज पार्टी के सात सदस्य निर्वाचित हुए हैं। सभी पार्टी के संपर्क में हैं। वरिष्ठ पदाधिकारियों की सहमति से एक- दो दिन में निर्णय लिया जाएगा।

अखिलेश कुमार आर्य, जिलाध्यक्ष, बसपा

chat bot
आपका साथी