60 दिन की पैरोल और जमानत पर छोड़े जाएंगे 97 कैदी

जेल में कोरोना संक्रमण के रोकथाम को लेकर भेजा गया प्रस्ताव

By JagranEdited By: Publish:Sun, 09 May 2021 07:07 PM (IST) Updated:Sun, 09 May 2021 07:07 PM (IST)
60 दिन की पैरोल और जमानत पर छोड़े जाएंगे 97 कैदी
60 दिन की पैरोल और जमानत पर छोड़े जाएंगे 97 कैदी

महराजगंज: कोरोना संक्रमण के कारण बंदियों को अंतरिम जमानत और कैदियों को पैरोल पर छोड़े जाने की कवायद शुरू हो गई है। करीब 20 कैदी और 77 बंदी जिला कारागार से छोड़े जाने की तैयारी है। सबकुछ योजना के मुताबिक हुआ तो अगले ही सप्ताह इनको जेल से रिहा कर दिया जाएगा। शासन व न्यायालय को इनकी सूची भेज दी गई है। कोरोना महामारी के लगातार बढ़ते संक्रमण को लेकर शासन ने जेलों में बंदियों का बोझ कम करने के लिए निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत 60 दिन की पैरोल पर कैदियों को छोड़ा जाएगा। वहीं, लगभग इतने ही दिनों की अंतरिम जमानत बंदियों को दी जानी है। पिछले साल लाकडाउन में भी बंदियों और कैदियों को छोड़ा गया था। उस वक्त जेल से 46 बंदी अंतरिम जमानत पर बाहर आए थे, जबकि 12 कैदियों को पैरोल मिली थी। जिन्हें 28 दिन के लिए छोड़ा गया था। बाद में समय में अवधि बढ़ा दी गई थी। अब फिर से वही व्यवस्था की जा रही है। जिला कारागार प्रशासन ने 77 बंदी व 20 कैदियों की लिस्ट तैयार की है। जिन्हें अंतरिम जमानत के लिए जेल में लगने वाली कोर्ट के समक्ष पेश किया जाएगा। इसके अलावा 20 कैदियों की लिस्ट तैयार कर शासन को भेजी रही है। इन्हें पैरोल पर रिहा कर दिया जाएगा। 10 से 20 मई तक जज और मजिस्ट्रेट जेल में दौरा कर अंतरिम जमानत की प्रक्रिया को पूरा करेंगे। सात साल तक की सजा वाले केस में अंतरिम जमानत पर सुनवाई होगी। शासन के निर्देश पर कैदियों को पैरोल पर छोड़ने के लिए सूची तैयार कर शासन को भेज दी गई है। साथ ही 77 ऐसे बंदियों को चिन्हित किया गया है , जिनको जमानत पर रिहा किया जाएगा।

अविनाश कुमार, प्रभारी जेल अधीक्षक महराजगंज

chat bot
आपका साथी