रायबरेली में नहर किनारे मिला महिला का निर्वस्त्र शव, सीमा विवाद में चार घंटे उलझी पुलिस; दहला दिलाने वाला था हाल

रायबरेली के रामगढ़ टिकारिया के पास स्थित शारदा नहर का मामला। शव से दुर्गंध आ रही थी। पानी में पड़े होने की वजह से शव फूल गया। शव की दशा देख ग्रामीणों के दहले दिल पहचान मिटाने का दिखा प्रयास।

By Divyansh RastogiEdited By: Publish:Tue, 11 May 2021 09:44 PM (IST) Updated:Wed, 12 May 2021 07:12 AM (IST)
रायबरेली में नहर किनारे मिला महिला का निर्वस्त्र शव, सीमा विवाद में चार घंटे उलझी पुलिस; दहला दिलाने वाला था हाल
रायबरेली: शव की दशा देख ग्रामीणों के दहले दिल, पहचान मिटाने का दिखा प्रयास।

रायबरेली, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के रायबरेली में एक महिला का निर्वस्त्र शव बरामद हुआ। ऊंचाहार और जगतपुर की पुलिस सीमांकन को लेकर चार घंटे तक उलझी रही। पुलिस की यह कारगुजारी चर्चा का विषय बन गई है। ग्रामीणों की मदद से रस्सी के सहारे शव को नहर से बाहर निकलवाया गया। शव से दुर्गंध आ रही थी। पानी में पड़े होने की वजह से शव फूल गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। साथ ही छानबीन कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। 

दरअसल, रामगढ़ टिकारिया के पास स्थित शारदा नहर का मामला। यहां एनटीपीसी को पानी पहुंचाने के लिए टेल का निर्माण सिंचाई विभाग द्वारा करवाया गया है। इसी टेल के एक कॉलम में एक महिला का निर्वस्त्र शव सड़ी हुई अवस्था में बरामद हुआ। शव मवेशी चरा रहे ग्रामीणों द्वारा देखा गया। इसकी चर्चा होने पर ऊंचाहार तथा जगतपुर की पुलिस मौके पर पहुंची। चार घंटे तक लगातार सीमांकन का विवाद चलता रहा। इसके बाद रामगढ़ टिकरिया तथा इटौरा बुजुर्ग के लेखपाल और राजस्व निरीक्षक को मौके पर बुलाया गया। काफी खेतों की पैमाइश करने के बाद भी लेखपालों में आपसी सामंजस्य नहीं बन पाया। एक लेखपाल इटौरा बुजुर्ग ऊंचाहार क्षेत्र बता रहा था तो दूसरा रामगढ़ टिकरिया जगतपुर बता रहा था। काफी खोजबीन के बाद भी सीमांकन का विवाद बना रहा। ग्रामीणों की मदद से रस्सी के सहारे शव को नहर से बाहर निकलवाया गया। 

महिला की पहचान मिटाने का प्रयास: महिला के एक हाथ में चार लाल रंग की चूड़ियां थीं। चेहरे को देखने के बाद ऐसा प्रतीत होता था कि पहचान मिटाने का प्रयास किया गया। शव से दुर्गंध आ रही थी। पानी में पड़े होने की वजह से शव फूल गया था। इससे ऐसा प्रतीत हो रहा था कि कई दिन पहले महिला के साथ अप्रिय घटना हुई। आसपास के गांव के काफी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस का यह रवैया देखकर ग्रामीण आपस में कार्यशैली पर वार्तालाप करते दिखाई दिए। ग्रामीणों के भी अलग-अलग मत थे। ज्यादातर लोगों का मानना था कि शव मिलने का स्थान ऊंचाहार थाना क्षेत्र में आता है। मौके पर दोनों थानों का पुलिस बल मौजूद रहा। ऊंचाहार कोतवाल विनोद सिंह ने बताया है कि शव का पंचनामा करवा करके पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। साथ ही छानबीन कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी