काकोरी में महिला की गला रेतकर हत्या, शरीर पर मिले चोट के निशान

काकोरी में सोमवार को एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। महिला का शव बेहटा-बंथरा रोड के नारायणपुर गांव में सड़क किनारे पड़ा मिला था। डीसीपी साउथ रईस अख्तर के मुताबिक शव की पहचान नहीं हो पा रही है। महिला के गले पर दुपट्टा कसा था।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Mon, 26 Oct 2020 12:57 PM (IST) Updated:Mon, 26 Oct 2020 12:57 PM (IST)
काकोरी में महिला की गला रेतकर हत्या, शरीर पर मिले चोट के निशान
लखनऊ के बेहटा-बंथरा रोड पर नारायणपुर गांव के पास सड़क किनारे मिला महिला का शव।

लखनऊ, जेएनएन। काकोरी में सोमवार को एक महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। महिला का शव बेहटा-बंथरा रोड के नारायणपुर गांव में सड़क किनारे पड़ा मिला था। डीसीपी साउथ रईस अख्तर के मुताबिक शव की पहचान नहीं हो पा रही है। स्थानीय लोगों से शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। 

स्थानीय लोगों ने सोमवार सुबह सड़क किनारे महिला का लहूलुहान शव देखकर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम के साथ पुलिस अधिकारी वहां पहुँचे। काफी प्रयास के बावजूद शव की पहचान नहीं हो सकी। एडीसीपी सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि प्रारंभिक छानबीन में सामने आया है कि महिला की हत्या के बाद शव को किसी गाड़ी से हत्यारे यहां लेकर आए थे। शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से सड़क किनारे फेंककर भाग निकले। स्थानीय लोगों ने बताया कि महिला के गले मे दुपट्टा कसा था और गले पर चोट के गंभीर निशान थे। यही नहीं जिस स्थान पर शव पड़ा था वहां चारों तरफ खून फैला था। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि महिला की गला कसने के बाद किसी हथियार से उसका गला रेता गया है। महिला ने हत्यारों से संघर्ष भी किया था। पुलिस राजधानी से लापता महिलाओं के बारे में जानकारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्य संकलन किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

महिला शक्ति अभियान पर उठे सवाल 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर सूबे में महिला शक्ति अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि राजधानी में महिला की हत्या ने एक बार फिर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस जल्द ही वारदात के राजफाश का दावा कर रही है।

chat bot
आपका साथी