लखनऊ में घायल होने के बाद भी लुटेरे से भ‍िड़ी रही मह‍िला, शोर सुनकर पड़ोस‍ियों ने दबोचा; नहीं म‍िला मंगलसूत्र

दीपा सिंह घटना के समय घर पर अकेली थी। दोनों बेटे रोजाना की तरह काम के लिए निकले थे। जैसे ही लुटेरों ने हमला किया बहादुरी दिखाते हुए महिला ने लुटेरे का हाथ पकड़ लिया। इस बीच महिला के दोनों हाथ बुरी तरह से घायल हो गए।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Thu, 28 Oct 2021 05:26 PM (IST) Updated:Fri, 29 Oct 2021 07:08 AM (IST)
लखनऊ में घायल होने के बाद भी लुटेरे से भ‍िड़ी रही मह‍िला, शोर सुनकर पड़ोस‍ियों ने दबोचा; नहीं म‍िला मंगलसूत्र
जगतखेड़ा में महिला ने बहादुरी से मुकाबला कर घर में घुसे बदमाश को पकड़वाया।

लखनऊ, जागरण टीम। रायबरेली रोड पर जगतखेड़ा में गुरुवार दोपहर 'मर्दानी' दीपा के घर में घुसे बदमाश ने उनकी चेन और मंगलसूत्र लूट लिया। विरोध पर दीपा उससे भिड़ गईं। बदमाश, दीपा पर चाकू से वार पर वार कर रहा था। दीपा उसके हर वार को हाथों पर झेलती रहीं। हाथ खून से लथपथ हो चुके थे। दीपा दर्द से कराह रही थीं। इसके बावजूद वह शेरनी की तरह दहाड़ रही थीं। जब निढाल हो गईं तो बदमाश उन्हें धक्का देकर भागा। दीपा गिरीं, फिर हिम्मत करके उठीं और चीखती हुई बदमाश के पीछे भागीं। दीपा ने घर के बाहर पड़ी ईंट उठाई और घायल हाथों से ही बाइक से भाग रहे बदमाश के सिर पर ईंट मारी, जिससे उसका सिर फट गया और वह लडख़ड़ाकर बाइक से गिर गया। शोर सुनकर लोग दौड़े तो खुद को फंसता देख बदमाश भागा और धान के खेत में छिप गया। लोगों ने घेराबंदी कर बदमाश को दबोच लिया और जमकर पीटने के बाद पुलिस को सौंप दिया। घटना के बाद लोग दीपा को 'मर्दानी', झांसी की रानी और शेरनी कहने लगे। अस्पताल में इलाज के बाद दीपा की हालत अब सामान्य बताई जा रही है।

बदमाश ने प्लाट खरीदने का झांसा देकर खुलवाया था दीपा के घर का दरवाजा : दीपा ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे थे। उनके बेटे शिवम और सत्यम दोनों काम पर गए थे। दीपा के मुताबिक दरवाजे पर दस्तक हुई। उन्होंने दरवाजा खोला। बाहर निकलीं तो बदमाश ने कहा कि आपके घर के आसपास प्लाट बिक रहे हैं। दीपा ने कहा हां, देख लीजिए। इस पर बदमाश ने कहा कि दो-तीन लोग आ रहे हैं कुर्सी हो तो डाल दीजिए। इस पर कुर्सी लेने के लिए दीपा घर के अंदर गईं, लेकिन बदमाश भी पीछे से आ गया। उसने गले में पड़ी चेन और मंगलसूत्र दोनों खींच लिए। यह देख दीपा पलटीं और उन्होंने बदमाश का हाथ पकड़ लिया। इसके बाद बदमाश ने चाकू निकालकर उन पर ताबड़तोड़ वार करने लगा। उन्होंने वार रोकने के लिए हाथ लगाया तो हथेली में चाकू घुस गया। दोनों हथेलियां चाकू लगने से खून से लथपथ हो गई थीं। खुद को फंसता देख बदमाश ने उन्हें कमरे में बंद करने का प्रयास किया। यह देख दीपा उसका कॉलर पकड़कर लटक गईं। इसके बाद वह धक्का देकर भागा।

खेत में छिपा दिया मंगलसूत्र और चेन : दीपा ने बताया कि बदमाश के पास से अभी तक मंगलसूत्र और चेन नहीं मिली है। उसने भागने के दौरान उसे खेत में छिपा दिया था। पुलिस बदमाश को मौके पर लाकर उससे कड़ाई से पूछताछ करे तो जरूर मंगलसूत्र और चेन बरामद हो जाएगी। दीपा ने कहा कि उन्हें उनका मंगलसूत्र और चेन किसी भी कीमत पर चाहिए।

मंगलसूत्र और चेन पति की आखिरी निशानी : दीपा ने बताया कि करीब 12 साल पहले उनके पति रमेश सि‍ंह भदौरिया की मुंह के कैंसर के कारण मौत हो गई थी। मंगलसूत्र और चेन उनके पति की आखिरी निशानी है। जिस साल उनकी मृत्यु हुई थी, उसी साल उन्होंने करवाचौथ पर उन्हें बनवाकर दी थी। चेन में पैंडल पड़ा था। वह ढाई तोले का था और मंगलसूत्र एक तोले का। निगोहां में रहने वाली उनकी बहन के घर पर दो दिन पहले देवी माता का जागरण था। वह उनके यहां पहनकर गई थीं। शाम को उन्हें फिर अलमारी में उसे रखना था, पर शाम होने से पहले ही बदमाश ने लूट लिया। दीपा मूल रूप से रायबरेली के किसनापुर नई बस्ती की रहने वाली हैं। कुछ साल पहले ही यहां जगतखेड़ा में उन्होंने मकान बनवाया था। बस्ती घनी नहीं है। लोगों के घर दूर-दूर बने हैं।

chat bot
आपका साथी