शोहदे से त्रस्त महिला ने 1090 चौराहे पर किया आत्मदाह का प्रयास

महिला ने बताया कि पुलिस के सामने भी आरोप‍ित थप्पड़ मार कर भाग गया था ले‍क‍िन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Mon, 22 Apr 2019 08:47 PM (IST) Updated:Tue, 23 Apr 2019 07:39 AM (IST)
शोहदे से त्रस्त महिला ने 1090 चौराहे पर किया आत्मदाह का प्रयास
शोहदे से त्रस्त महिला ने 1090 चौराहे पर किया आत्मदाह का प्रयास

लखनऊ, जेएनएन।  पारा क्षेत्र स्थित एक रियल स्टेट कंपनी में काम करने वाली महिला (30) ने सोमवार को 1090 चौराहे पर खुद पर मिट्टी का तेल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। महिला ने बताया कि लुधियाना से आया परिचित करन वीर सिंह संधु तीन दिन से लगातार मारपीट कर रहा है। वह साथ लुधियाना ले जाने का दबाव बना रहा है। पहले होटल और फिर ऑफिस में पहुंचकर मारपीट की। वहीं, पारा पुलिस सुनवाई नहीं कर रही है। 

मानकनगर क्षेत्र में रहने वाली महिला पारा काकोरी मोड़ पर एक रियल स्टेट ऑफिस में नौकरी करती है। महिला के मुताबिक पांच-छह साल पहले वह लुधियाना में काम करती थी। वहां लुधियाना ग्र्रामीण चौक सुमिया बाग, इंडस्ट्रियल एरिया निवासी करन वीर सिंह संधु पड़ोस में रहता था। उसका घर आना जाना था।

महिला ने बताया कि इसबीच उसका पति से विवाद हो गया। कुछ दिन बाद करन भी परेशान करने लगा। उसकी हरकतों से त्रस्त होकर भागकर लखनऊ आ गई। पर करन लगातार फोन कर साथ रहने का दबाव बना रहा था। विरोध पर वह धमकाता था। शनिवार को करन लखनऊ पहुंचा। यहां चारबाग स्थित एक होटल में रुका।

करन ने फोन कर अंतिम बार वहां मिलने के लिए बुलाया। इस कारण होटल गई। होटल में करन साथ ले जाने का दबाव बनाने लगा। विरोध पर मारपीट की। किसी तरह वहां से जान बचाकर भागी। उसके बाद घर पहुंची। फिर भी करन लगातार फोन कर रहा था। फोन रिसीव नहीं किया तो रविवार को वह ऑफिस आ पहुंचा। आफिस में भी उसने साथ चलने को कहा। मना कर दिया तो उसने मारपीट की और आफिस में तोडफ़ोड़ करने लगा। शोर सुनकर आस पड़ोस के लोग दौड़े तो वह भाग निकला।

कंट्रोल रूम को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस आयी। पारा थाने पहुंचकर मामले की जानकारी। इंस्पेक्टर के कहने पर करन से बात कर उसकी लोकेशन पता की तो उसने बताया कि बाराबिरवा चौराहे पर है। इस पर पुलिस ने कहा कि वह थानाक्षेत्र दूसरा है हम कोई मदद नहीं कर सकते हैं। तहरीर पर भी पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। उधर, करन लगातार धमकी दे रहा था। इससे त्रस्त होकर 1090 चौराहे पर पहुंची और मिट्टी का तेल उड़ेल कर आत्महत्या का प्रयास किया पर ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने पकड़ लिया। गौतमपल्ली पुलिस थाने ले गई। जहां, से पारा भेज दिया गया। उसके बाद आरोपित के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई। इंस्पेक्टर पारा ने बताया कि महिला और करन पूर्व परिचित हैं। करन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। 

चौकी में पुलिस के सामने थप्पड़ मारकर भाग गया आरोपित 
पीडि़ता के मुताबिक रविवार शाम लोकेशन पता चलने पर वह बाराबिरवा चौराहे पर पहुंची। उसने शोर मचाकर करन को पकड़ लिया। इसके बाद वहां पर खड़े पुलिस कर्मी भी आ गए। महिला ने बताया कि पुलिस उसे और करन को लेकर चौकी पहुंची। जहां, पुलिस के सामने बात हो रही थी। तभी करन थप्पड़ मार कर भाग गया। 

chat bot
आपका साथी