महिला कांस्टेबल ड्यूटी के समय बच्चाें को पढ़ा रही ट्यूशन, सीतापुर में थानाध्‍यक्ष के घर का वीडि‍यो वायरल

सीओ ने बताया पूर्व में थानाध्यक्ष पुष्पराज कुशवाहा ने तीन महिला कांस्टेबल के विरुद्ध रिपोर्ट दी थी। जिस पर उनके स्थानांतरण हुए थे। इसके अलावा अभी उनके विरुद्ध प्रारंभिक जांच चल रही है। सीओ ने बताया वायरल वीडियो भी पुराना है।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Sat, 05 Jun 2021 04:29 PM (IST) Updated:Sat, 05 Jun 2021 11:36 PM (IST)
महिला कांस्टेबल ड्यूटी के समय बच्चाें को पढ़ा रही ट्यूशन, सीतापुर में थानाध्‍यक्ष के घर का वीडि‍यो वायरल
थानाध्यक्ष पर आरोप है क‍ि चहेती महिला कांस्टेबल को दबिश व रात की ड्यूटी में नहीं लगाते हैं।

सीतापुर, जेएनएन : सकरन थाने में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां के थानाध्यक्ष पुष्प राज कुशवाहा पर महिला कांस्टेबल से ड्यूटी कराने के बजाय अपने बच्चों को उनसे ट्यूशन पढ़वाने का आरोप लगा है। ट्यूशन पढ़ा रही महिला कांस्टेबल का वीडियो भी इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो वायरल होते ही पुलिस महकमे में बखेड़ा खड़ा हो गया है। आरोप है कि थानाध्यक्ष मनमानी पर उतारू हैं। कहा जा रहा है कि थाने में चहेती महिला कांस्टेबल को थानाध्यक्ष दबिश व रात की ड्यूटी में नहीं लगाते हैं। इस मामले में थानाध्यक्ष के विरुद्ध थाने की कई महिला कांस्टेबल मुखर हो गई हैं। वैसे थानाध्यक्ष का कहना है कि इस संबंध में उन्होंने बिसवां सीओ सुशील कुमार सिंह को जानकारी दी थी। उनके कहने पर ही उन्होंने कुछ कांस्टेबल के विरुद्ध गोपनीय रिपोर्ट भी दी थी।

बिसवां सीओ को एसपी ने दी जांच

बिसवां सीओ ने बताया, पूर्व में थानाध्यक्ष पुष्पराज कुशवाहा ने तीन महिला कांस्टेबल के विरुद्ध रिपोर्ट दी थी। जिस पर उनके स्थानांतरण हुए थे। इसके अलावा अभी उनके विरुद्ध प्रारंभिक जांच चल रही है। सीओ ने बताया, वायरल वीडियो भी पुराना है, पर वीडियो भी व्यवहारिक रूप से अनुशासनहीनता दर्शाता है। सीओ ने बताया, वायरल वीडियो के संबंध में उन्हें एसपी आरपी सिंह ने जांच करने को कहा है।

सिपाही की ड्यूटी... थानेदार के बच्चों को पढ़ाओ बस! pic.twitter.com/CWvYK6VNwC

— Govind Mishra (@misragovind) June 5, 2021

वारयल वीडियो की हो रही जांच : एएसपी

एएसपी उत्तरी डॉ. राजीव दक्षित का कहना है कि सकरन थानाध्यक्ष अपने बच्चों को महिला कांस्टेबल से ट्यूशन पढ़वाते हैं। इस संबंध में मामला संज्ञान में आया है। संबंधित प्रकरण में जांच कराई जा रही है। आरोप सही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

कांस्टेबल अनूप की पत्नी ने बनाया वीडियो : थानाध्यक्ष

इस मामले में सरकन थानाध्यक्ष पुष्प राज कुशवाहा का कहना है कि जिस संबंधित महिला कांस्टेबल का बच्चों को पढ़ाते वक्त का वीडियो वायरल हो रहा है। वह कई महीने पुराना वीडियो है। उनका कहना है कि संबंधित महिला कांस्टेबल आठ महीने की गर्भवती थी। इसलिए उससे वह कम काम लेते थे। गश्त या दबिश में नहीं भेजते थे। चूंकि उनकी पत्नी व बच्चे थाना कार्यालय परिसर के ही आवास में रहते हैं। इसलिए गर्भावस्था में महिला कांस्टेबल खाली वक्त में उनके घर पत्नी के पास आकर बैठ जाती थी। उस वक्त बच्चे कहीं पढ़ाई कर रहे होंगे और उसी में किसी ने वीडियो बना लिया होगा। वैसे पुष्पराज कुशवाहा ने कांस्टेबल अनूप सिंह की पत्नी पर वीडियो बनाकर वायरल करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सकरन थाने में कुछ महीने पहले कांस्टेबल अनूप सिंह तैनात था। अब वह ट्रैफिक में चला गया है, पर उसने थाने में अभी भी आवास खाली नहीं किया है। थानाध्यक्ष कांस्टेबल अनूप से कई बार आवास का कब्जा छोड़ने को कह चुके हैं। 

chat bot
आपका साथी