UP Zila Panchayat Chunav 2021: जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव, गाजीपुर में भाजपा में चट ज्वाइनिंग और पट टिकट

UP Zila Panchayat Chunav 2021 भारतीय जनता पार्टी ने भी गुरुवार को गाजीपुर में बड़ा दांव खेला है। सपना सिंह ने गुरुवार को ही पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है और आज ही पार्टी ने उनको जिला पंचायत अध्यक्ष पद का प्रत्याशी भी घोषित कर दिया है।

By Dharmendra PandeyEdited By: Publish:Thu, 24 Jun 2021 05:55 PM (IST) Updated:Thu, 24 Jun 2021 06:21 PM (IST)
UP Zila Panchayat Chunav 2021: जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव, गाजीपुर में भाजपा में चट ज्वाइनिंग और पट टिकट
भाजपा ने सपना सिंह को जिला पंचायत अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों में भयंकर कशमकश के बीच में पार्टियों में भी जोड़तोड़ जारी है। उन्नाव से भाजपा के प्रत्याशी अरुण सिंह ने नाम पर मचे बवाल के बाद अब गाजीपुर में सपना सिंह को भाजपा से टिकट मिलने के बाद काफी चर्चा है। 75 जिलों में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत न मिलने की स्थिति में निर्दलीय को सभी दल साधने में लगे हैं।

भारतीय जनता पार्टी ने भी गुरुवार को गाजीपुर में बड़ा दांव खेला है। सत्ता पर काबिज भाजपा ने सपना सिंह को जिला पंचायत अध्यक्ष पद का प्रत्याशी बनाया है। सपना सिंह ने गुरुवार को ही पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है और आज ही पार्टी ने उनको जिला पंचायत अध्यक्ष पद का प्रत्याशी भी घोषित कर दिया है। सपना सिंह ने भाजपा के गाजीपुर कार्यालय में आज ही पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। माना जा रहा है कि सपना सिंह 25 को अपना नामांकन भी दाखिल कर देंगी। समाजवादी पार्टी ने यहां से कुसुमलता यादव को अपना प्रत्याशी बनाया है।

सिर्फ 21 वर्ष की उम्र में ही भाजपा प्रत्याशी बनीं आरती तिवारी

भारतीय जनता पार्टी ने युवाओं को भी राजनीति में मौका देने की परिपाटी पर काम किया है। भाजपा ने बलरामपुर से 21 वर्षीया आरती तिवारी को जिला पंचायत अध्यक्ष पद का प्रत्याशी घोषित किया है। जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने विज्ञप्ति जारी कर आरती के नाम की घोषणा की है। बीए तृतीय वर्ष की छात्रा भाजपा प्रत्याशी 26 को नामांकन करेंगी। समाजवादी पार्टी ने यहां से किरन यादव को प्रत्याशी घोषित किया है। जिला पंचायत अध्यक्ष पद महिला के लिए आरक्षित है। यहां पर कुल 40 सीटों में से भाजपा के पास छह सदस्य हैं। सपा के पास 13 व बसपा के पास 10 जिला पंचायत सदस्य हैं। भाजपा की तरफ से चार सदस्यों का नाम पार्टी हाईकमान को भेजा गया था। प्रदेश कार्यालय ने आरती तिवारी के नाम पर अंतिम मुहर लगा दी है।

बहराइच में विधायक की अनुज बहू पर लगा दांव

भाजपा ने बहराइच में मंजू सिंह को उम्मीदवार बनाया है। मंजू सिंह तीन बार विधायक रहे अरुणवीर सिंह के अनुज अतुलवीर सिंह की बहू हैं। उनका कुल 63 में 40 से अधिक जिला पंचायत सदस्यों का समर्थन जुटाकर नेतृत्व के सामने पेश करना निर्णायक साबित हुआ। भाजपा ने सामान्य महिला के लिए आरक्षित जिला पंचायत अध्यक्ष सीट पर प्रत्याशी घोषित कर अटकलों पर विराम लगा दिया। यहां जिलाध्यक्ष श्यामकरन टेकरीवाल ने प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर देर रात मंजू सिंह को उम्मीदवार घोषित कर दिया। वह हुजूरपुर ब्लॉक के 49 नंबर सीट से जिला पंचायत सदस्य निर्वाचित हुई हैं। अरुणवीर सिंह कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह के करीबी हैं। इसी कारण उन्होंने उम्मीदवारी के मसले पर पूरी ताकत लगा दी और प्रांतीय नेतृत्व को सहमत करने में कामयाब रहे।  

श्रावस्ती से पूर्व सांसद दद्दन मिश्रा भाजपा प्रत्याशी

भारतीय जनता पार्टी ने श्रावस्ती के जिला पंचायत अध्यक्ष पद पर पूर्व सांसद दद्दन मिश्र पर दांव लगाया है। भाजपा जिला अध्यक्ष संजय कैराती ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर प्रदेश नेतृत्व के निर्णय से अवगत कराया है। सपा ने वार्ड नंबर 22 से जिला पंचायत सदस्य अनुराधा यादव को पहले ही उम्मीदवार घोषित कर दिया था। जिला पंचायत सदस्य पद पर 22 वार्डों में भाजपा समर्थित सिर्फ चार उम्मीदवार जीत दर्ज कर सके थे। वार्ड नंबर 17 से पूर्व सांसद दद्दन मिश्र विजयी हुए थे।

chat bot
आपका साथी