UP Weather Forecast: उत्‍तर प्रदेश में घटी हवा की रफ्तार तो चढ़ने लगा पारा, गलन में आएगी कमी-मंडरा रहा फसलों पर खतरा

UP Weather Forecast प्रदेश में पूर्वी हवाएं चलने से अगले सप्ताह आएगी गलन में कमी। कड़ाके की सर्दी से फसलों में पाला गिरने का खतरा बढ़ा। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी होगी।

By Divyansh RastogiEdited By: Publish:Sat, 16 Jan 2021 06:30 AM (IST) Updated:Sat, 16 Jan 2021 10:26 AM (IST)
UP Weather Forecast: उत्‍तर प्रदेश में घटी हवा की रफ्तार तो चढ़ने लगा पारा, गलन में आएगी कमी-मंडरा रहा फसलों पर खतरा
UP Weather Forecast: प्रदेश में पूर्वी हवाएं चलने से अगले सप्ताह आएगी गलन में कमी।

लखनऊ, जेएनएन। UP Weather Forecast: प्रदेश में हवा की रफ्तार कम होते ही तापमान फिर बढ़ने लगा है। आगामी दो से तीन दिन सुबह घना कोहरा व दोपहर में धूप रहने की संभावना है। मौसम विज्ञानियों ने कड़ाके की सर्दी से फसलों में पाला गिरने का खतरा भी बताया है। बता दें, बीते दिन सुबह घने कोहरे में डूबी नजर आई, लेकिन दोपहर की धूप ने लोगों को कुछ राहत देकर उबार दिया। 

मौसम केंद्र के निदेशक जेपी गुप्ता के अनुसार, रविवार से अधिकतम व न्यूनतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस बढ़ोतरी होगी। पूर्वी हवाएं चलने से अगले सप्ताह गलन में कमी आएगी। फिलहाल, पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी की संभावना कम है। 

कानपुर स्थित चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती हवा के क्षेत्र बन रहे हैं, जिससे हवा की रफ्तार कुछ प्रभावित हुई है। यह कम या ज्यादा हो सकती है। गुरुवार को हवा की दिशा उत्तर पश्चिम थी वह अब शुक्रवार को दक्षिण पश्चिम हो गई। अभी दो से तीन दिन तक इसी तरह मौसम बना रहेगा। तापमान में उतार चढ़ाव होगा। 

इंसान के साथ पशु पक्षी भी ठिठुरे: मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश में शीतलहर से इंसान के साथ-साथ पशु पक्षी भी कंपकंपा रहेे हैं। कौशांबी के मजरा बलीपुर निवासी सुरेश की खेत की रखवाली करते समय ठंड लगने से मौत हो गई। प्रतापगढ़ में सुबह घना कोहरा रहा, दोपहर में धूप निकलने से राहत मिली। वाराणसी के आसपास हवा सात किलोमीटर की रफ्तार से चली। गलन से पूरे दिन धूप असरहीन रही। धूप में भी लोगों को कंपकंपी छूट रही थी। कानपुर, कानपुर देहात, उन्नाव, फतेहपुर, औरैया, इटावा फतेहपुर, फर्रुखाबाद आदि जिलों में सुबह घना कोहरा छाया रहा, हवा चलने से सर्दी के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। 

पश्चिम उत्तर प्रदेश में सुबह कोहरे के बाद दिन में गुनगुनी धूप ने राहत दे दी। मुरादाबाद में सुबह-सुबह ठंड के बाद धूप निकलने से दिन में जनजीवन सामान्य हो गया। रामपुर में दोपहर 12 बजे तक बादल छाये रहे और सर्दी भी खूब रही। अमरोहा और संभल में भी दोपहर बाद ठंड से राहत रही। अलीगढ़ में मकर संक्रांति के बाद मौसम राहत भरा रहा। सुबह सूर्यदेव के दर्शन जल्दी होने से लोगों ने गुनगुनी धूप का आनंद लिया लेकिन, शीतलहर दिनभर चली, जिसकी गति शाम को तेज हो गई। बरेली में धूप की लुकाछिपी के बीच दोपहर को कुछ राहत रही मगर सुबह और शाम को शीतलहर ने परेशान किया। 

तापमान में बढ़त : धूप के कारण तापमान में कुछ बढ़त भी देखी गई। लखनऊ में अधिकतम तापमान 21. 3 डिग्री वहीं न्यूनतम  6.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सोनभद्र में न्यूनतम तापमान 3.5 व अधिकतम 19.6 डिग्री, वाराणसी में न्यूनतम 8.2 और अधिकतम 15.6 डिग्री सेल्सियस रहा। अलीगढ़ में अधिकतम 22 व न्यूनतम तापमान पांच डिग्री जबकि हाथरस में अधिकतम 21 और न्यूनतम नौ डिग्री रिकॉर्ड किया गया। मुरादाबाद में अधिकतम  21 तो न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कानपुर में अधिकतम तापमान 20.8 और न्यूनतम 5.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। बरेली में न्यूनतम 4.9 तथा अधिकतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रहा। बांदा, इटावा में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस, हमीरपुर में 5 डिग्री, कन्नौज, उन्नाव, कानपुर देहात में 5.2 डिग्री, चित्रकूट, औरैया, फतेहपुर में 6 डिग्री, उरई में 8 डिग्री और फर्रुखाबाद में 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। 

chat bot
आपका साथी