UP Weather Forecast: यूपी में अभी कोहरे का कहर रहेगा जारी, इन जिलों में नहीं दिखेंगे सूर्यदेव; तीन से चार दिन तक गिरेगा तापमान

UP Weather Forecast उत्तर प्रदेश में सोमवार को चमक नहीं सके सूर्यदेव कंपाती रही शीतलहर। मौसम का यह बदलाव उत्तर-पश्चिमी हवाओं के आने से हुआ है। पहाड़ी इलाकों में बर्फ जमी है। कोहरे का कहर जारी है जिससे दिन ठंडे हो रहे हैं। कई जगह शीतलहर की स्थिति है।

By Divyansh RastogiEdited By: Publish:Tue, 26 Jan 2021 06:30 AM (IST) Updated:Tue, 26 Jan 2021 07:40 AM (IST)
UP Weather Forecast: यूपी में अभी कोहरे का कहर रहेगा जारी, इन जिलों में नहीं दिखेंगे सूर्यदेव; तीन से चार दिन तक गिरेगा तापमान
UP Weather Forecast: उत्तर प्रदेश में सोमवार को चमक नहीं सके सूर्यदेव, कंपाती रही शीतलहर।

लखनऊ, जेएनएन। UP Weather Forecast: उत्तर प्रदेश में कोहरे का कहर अभी जारी रहेगा। प्रदेश के मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मौसम का यह बदलाव उत्तर-पश्चिमी हवाओं के आने से हुआ है। पहाड़ी इलाकों में बर्फ जमी है। जिससे दिन ठंडे हो रहे हैं। कई जगह शीतलहर की स्थिति है। पूर्वी उत्तर प्रदेश वापस में उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में जबरदस्त घना कोहरा होने के साथ ही ठंड अपना कहर बरपा रही है। सोमवार को कई जिलों में शीत दिवस की स्थिति रही है। मंगलवार को भी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। कानपुर स्थित चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन से चार दिन तापमान नीचे जाएगा।

बादलों ने सूर्यदेव को चमकने नहीं दिया: प्रदेश में सोमवार सुबह घने कोहरे से घिरा नजर आया और दिन भर बादलों ने सूर्यदेव को चमकने नहीं दिया। कहीं-कहीं धूप अपनी झलक दिखाकर चली गई। इससे तापमान में गिरावट आई और शीतलहर कंपाती रही। सोनभद्र का चुर्क प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। यहां न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। कोहरे के कारण सुलतानपुर, प्रयागराज, वाराणसी व बहराइच में दृश्यता घटकर दो सौ मीटर से भी कम रह गई।

अधिकतम तापमान में गिरावट: सोमवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 15.3 डिग्री और न्यूनतम 10.6 डिग्री, कानपुर में अधिकतम तापमान 15.2 और न्यूनतम 11.0 डिग्री, प्रयागराज में न्यूनतम तापमान 09 डिग्री और अधिकतम 18 डिग्री, प्रतापगढ़ में न्यूनतम 08 डिग्री और अधिकतम 13.3 डिग्री, गोरखपुर में अधिकतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 11.4 डिग्री, सिद्धार्थनगर में अधिकतम तापमान 20 व न्यूनतम सात डिग्री, बस्ती में अधिकतम 13.5 डिग्री और न्यूनतम भी सात डिग्री रहा। संतकबीर नगर में अधिकतम 17.1 व न्यूनतम 8.9 डिग्री, कुशीनगर में 21 और सात, महाराजगंज में 21 व सात और देवरिया में अधिकतम तापमान 22 डिग्री व न्यूनतम न्यूनतम नौ डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ। हमीरपुर, उरई, इटावा, फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री, औरैया में 6 डिग्री, बांदा, महोबा, कन्नौज में 7 डिग्री, चित्रकूट, फर्रुखाबाद में 8 डिग्री, उन्नाव में 10 डिग्री और कानपुर देहात में 11 डिग्री सेल्सियस रहा।

सर्द हवाओं ने कंपकंपी बढ़ाई: प्रदेश में सोमवार दोपहर तक कोहरा नहीं छंटा। गलन भी लगातार बढ़ी। संगमनगरी प्रयागराज और आसपास के जिलों में सोमवार शाम तक सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। अधिकतम तापमान में गिरावट से गलन बढ़ गई। सर्द हवाएं कंपकंपी का सबब बनी रहीं। लोग अलाव के आगे बैठे नजर आए। कौशांबी में भी ठंड से जनजीवन अस्त व्यस्त रहा। वाराणसी के आसपास के जिलों में गलन बढऩे से न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। कानपुर और आसपास के कई जिलों में शीतलहर का प्रकोप दिखा। गोरखपुर और आसपास के बस्ती, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर और देवरिया आदि जिलों में पछुआ हवाओं के चलते कोल्ड डे रहा। अगले चार दिनों तक ही यही स्थिति बनी रहने का अनुमान है। कोहरे की वजह से कई ट्रेनें भी विलंबित रहीं। 

इन शहरों में रहेगा कोहरा: मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार को लखनऊ, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, हाथरस, एटा, फर्रूखाबाद, कन्नौज, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं, कासगंज, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, हरदोई, सीतापुर, बलरामपुर, गोंडा, सिद्धार्थ नगर, बस्ती, संत कबीर नगर, महाराजगंज, कुशीनगर, गोरखपुर, देवरिया, बलिया, कानपुर देहात,  कानपुर नगर, उन्नाव, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, अयोध्या, सुलतानपुर, अंबेडकर नगर, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर, वाराणसी, प्रतापगढ़, प्रयागराज व इनसे जुड़े इलाकों में घना कोहरा होने की उम्मीद है। बुधवार को भी इन इलाकों में घना कोहरा रहेगा।

इन जिलों में शीत दिवस की स्थिति: लखनऊ, मेरठ, अलीगढ़, आगरा, बरेली, शाहजहांपुर, हरदोई, कानपुर नगर, बहराइच, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, सुलतानपुर, अयोध्या, बाराबंकी, उन्नाव, बांदा व इससे सटे इलाकों में मंगलवार को भी शीत दिवस की स्थिति रहेगी। सोनभद्र व आसपास के इलाकों में शीतलहर का प्रकोप रहेगा।

chat bot
आपका साथी