योगी सरकार की नई पहल, आपतकाल में अलार्म बजते ही औद्योगिक प्रतिष्ठानों में पहुंचेगी यूपी पुलिस

उत्तर प्रदेश के औद्योगिक प्रतिष्ठानों को किसी आपदा की दशा में पुलिस की तत्काल मदद पहुंचाने के लिए नई व्यवस्था की गई है।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Fri, 19 Jun 2020 12:18 AM (IST) Updated:Fri, 19 Jun 2020 07:58 AM (IST)
योगी सरकार की नई पहल, आपतकाल में अलार्म बजते ही औद्योगिक प्रतिष्ठानों में पहुंचेगी यूपी पुलिस
योगी सरकार की नई पहल, आपतकाल में अलार्म बजते ही औद्योगिक प्रतिष्ठानों में पहुंचेगी यूपी पुलिस

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के औद्योगिक प्रतिष्ठानों को किसी आपदा की दशा में पुलिस की तत्काल मदद पहुंचाने के लिए नई व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर पांच निजी सुरक्षा एजेंसियों को 112 मुख्यालय से जोड़कर यह पहल की गई है। इसके तहत किसी औद्योगिक प्रतिष्ठान में किसी आपदा की स्थिति में अलार्म बजने पर निजी एजेंसी उसकी सूचना तत्काल 112 को देगी और कुछ ही देर बाद पुलिस मौके पर होगी। पायलट प्रोजेक्ट के तहत 50 औद्योगिक प्रतिष्ठानों को जोड़कर इस योजना की शुरुआत की गई है।

नई पहल के तहत पांच निजी सुरक्षा एजेंसियों को 112 से लिंक किया गया है। अब औद्योगिक प्रतिष्ठानों में अलार्म बजने के 10 मिनट के भीतर पुलिस मौके पर पहुंचेगी। औद्योगिक निवेश को और अधिक गति प्रदान करने के दृष्टिगत यह फैसला लिया गया है। गृह विभाग ने इस योजना के पायलट प्रोजेक्ट को मंजूरी दे दी है।

अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि इस पायलट परियोजना के तहत प्रथम चरण में पांच निजी सुरक्षा एजेंसियों को 112 के साथ काम करने की अनुमति प्रदान की गई है। गोरखपुर औद्योगिक क्षेत्र की एक सुरक्षा एजेंसी के आठ प्रतिष्ठानों के साथ योजना का प्रयोग किया जा चुका है। निजी सुरक्षा एजेंसियों के अलार्म सिस्टम को 112 मुख्यालय से लिंक किया जाएगा। औद्योगिक प्रतिष्ठानों को जैसे ही किसी आपात सहायता की जरूरत होगी, उसका संदेश तत्काल 112 मुख्यालय को मिल जाएगा और पीआरवी (पुलिस रिस्पांस व्हीकल) तत्काल मदद के लिए पहुंचेगी।

परियोजना की सफलता का आकलन कर अगले चरण में अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ इसका विस्तार किया जाएगा। निजी एजेंसियों के फोन कॉल इंटीग्रेशन के तहत उन्हें 10 डिजिट का नंबर दिया जाएगा, जिसके माध्यम से आने वाली कॉल को 112 कंट्रोल रूम में विशेष रूप से प्रशिक्षित संवाद अधिकारी सुनेंगे। उद्योगों व अन्य संस्थानों को सुरक्षा उपलब्ध करवाने के लिए 112 मुख्यालय में अलग डेस्क भी बनाई जा रही है। इस डेस्क पर इंडस्ट्री एरिया से जुड़ी सहायता के लिए आने वाली सूचनाओं को ही अटेंड किया जाएगा। इंडस्ट्रियल एरिया की सुरक्षा के लिए अलग से पीआरवी तैनात करने का निर्णय भी लिया गया है।

chat bot
आपका साथी