UP Police को और मिले 3295 सिपाही, सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर भरे गए सीधी भर्ती-2013 के खाली पद

सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने आरक्षी व समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2013 में रिक्त रह गए पदों को भरा है।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Mon, 11 Nov 2019 11:47 PM (IST) Updated:Tue, 12 Nov 2019 07:04 AM (IST)
UP Police को और मिले 3295 सिपाही, सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर भरे गए सीधी भर्ती-2013 के खाली पद
UP Police को और मिले 3295 सिपाही, सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर भरे गए सीधी भर्ती-2013 के खाली पद

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश पुलिस (UP Police) को 3295 और सिपाही मिल गए हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने आरक्षी व समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2013 में रिक्त रह गए पदों को भरा है। भर्ती बोर्ड ने अभ्यर्थियों का चयन श्रेष्ठता (मेरिट) के आधार पर किया है।

अध्यक्ष व डीजी भर्ती बोर्ड आरके विश्वकर्मा ने बताया कि 1895 अभ्यर्थियों का चयन सिविल पुलिस में, 615 का पीएसी और 785 का चयन फायर सर्विस में किया गया है। बताया गया कि वर्ष 2013 में हुई आरक्षी व समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती का परिणाम 16 जुलाई, 2015 को जारी हुआ था। तब विभिन्न कारणों से 3295 पद खाली रह गए थे। इन खाली पदों को नई भर्ती में शामिल किया जाना था, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर वर्ष 2013 में हुई परीक्षा में शामिल रहे अभ्यर्थियों को ही मौका दिया गया है। अभ्यर्थियों का चयन मेरिट व वरीयता के अनुसार किया गया है।

तीन दिनों में आयेगा 49568 पदों पर सिपाही भर्ती का परिणाम

भर्ती बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार तीन दिनों के भीतर 49568 सिपाही व समकक्ष पदों पर हुई सीधी भर्ती का परिणाम भी घोषित कर दिया जाएगा। नवंबर के अंतिम सप्ताह से दिसंबर के मध्य चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच व शारीरिक दक्षता परीक्षा कराई जाएगी। भर्ती का परिणाम जनवरी के प्रथम सप्ताह में अंतिम चयन परिणाम घोषित किये जाने की तैयारी है। वहीं भर्ती बोर्ड को उपनिरीक्षक के पांच हजार से अधिक पदों पर सीधी भर्ती का अधियाचन हासिल हुआ है। उपनिरीक्षक की सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू कराने के लिए कार्यदायी संस्था की तलाश शुरू कर दी गई है।

कारागार में प्रतिनियुक्ति पर जाएंगे चार हजार सिपाही

जेलों की सुरक्षा-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए सिविल पुलिस के चार हजार सिपाहियों को प्रतिनियुक्ति पर कारागार विभाग में भेजे जाने की तैयारी है। जेल वार्डर के खाली पदों को भरने के लिए यह निर्णय किया गया है। बताया गया कि इस प्रस्ताव को जेल व पुलिस विभाग की सैद्धांतिक सहमति मिल गई है। माना जा रहा है कि दिसंबर में प्रशिक्षण पूरा करने वाले 23000 सिपाहियों में से चार हजार सिपाहियों को जेल विभाग में भेजा जाएगा। डीजी जेल आनन्द कुमार ने बताया कि सिपाहियों को प्रतिनियुक्ति पर लेने से पहले उनकी सहमति भी ली जाएगी। दोनों ही पदों पर वेतन समान है।

जेल वार्डर, घुड़सवार पुलिस व फायरमैन की भर्ती टली

जेल वार्डर, घुड़सवार पुलिस व फायरमैन के 5805 पदों पर भर्ती फिलहाल कुछ दिनों के लिए टल गई है। इन पदों पर भर्ती के लिए चयनित कार्यदायी संस्था कुछ कारणों के चलते अब परीक्षा नहीं करा पाएगी। जल्द नई कार्यदायी संस्था को यह जिम्मेदारी सौंपे जाने की तैयारी है।

chat bot
आपका साथी