पुलिस अफसरों को राष्ट्रपति मेडल मिलने पर यूपी पुलिस ने दी बधाई, सीएम योगी बोले- हमें आप पर गर्व
गणतंत्र दिवस पर एडीजी कानून-व्यवस्था प्रशांत कुमार समेत उत्तर प्रदेश के आठ पुलिस अधिकारियों व कर्मियों को वीरता के लिए राष्ट्रपति का पुलिस मेडल मिला है। वहीं विशिष्ट सेवा के लिए सात और सराहनीय सेवा के लिए 72 राष्ट्रपति के पुलिस पदक मिले हैं।
लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश पुलिस ने अपने अफसरों को 72वें गणतंत्र दिवस पर वीरता के लिये राष्ट्रपति का पुलिस मेडल दिए जाने पर बधाई दी है। यूपी पुलिस ने ट्वीट कर कहा है कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर वीरता और विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति के पुलिस पदक प्राप्त करने वाले सभी अफसरों को बधाई देते हैं। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पुलिस पदक से सम्मानित सभी अफसरों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आप सभी की कर्तव्य निष्ठा और अदम्य साहस पर हमें गर्व है।
गणतंत्र दिवस पर एडीजी कानून-व्यवस्था प्रशांत कुमार समेत उत्तर प्रदेश के आठ पुलिस अधिकारियों व कर्मियों को वीरता के लिए राष्ट्रपति का पुलिस मेडल मिला है। वहीं विशिष्ट सेवा के लिए सात और सराहनीय सेवा के लिए 72 राष्ट्रपति के पुलिस पदक मिले हैं। आइजी पुलिस भर्ती बोर्ड विजय भूषण को सातवीं बाद राष्ट्रपति के पदक से सम्मानित किया गया है। उन्हें इससे पूर्व छह बार राष्ट्रपति पदक प्रदान किए जा चुके हैं। एडीजी प्रशांत कुमार को वीरता के लिए पुलिस पदक दूसरी बार प्रदान किया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पदक पाने वाले सभी पुलिसजन को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि इन अफसरों और कर्मचारियों ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को दुरुस्त रखने में अपना उत्कृष्ट योगदान दिया है। सीएम योगी ने आशा व्यक्त की कि इन अफसरों के योगदान से दूसरे पुलिस कर्मी भी प्रेरित होंगे और अपने दायित्वों का भलीभांति निर्वहन करेंगे, जिससे प्रदेश के विकास को गति मिलेगी।