UP Panchayat By Election 2021: पंचायत उपचुनाव में 64.74 फीसद मतदान, 8321 मतदान केंद्रों पर वोटिंग; कल मतगणना

UP Panchayat By Election 2021 त्रिस्तरीय पंचायतों में रिक्त विभिन्न पदों पर निर्वाचन के लिए आज मतदान हो गया। प्रदेश के 73 जिलों में बने मतदान केंद्रों पर शनिवार सात बजे से मतदान शुरु होकर शांतिपूर्ण ढंग से शाम छह बजे तक चला।

By Dharmendra PandeyEdited By: Publish:Sat, 12 Jun 2021 08:45 AM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 10:12 AM (IST)
UP Panchayat By Election 2021: पंचायत उपचुनाव में 64.74 फीसद मतदान, 8321 मतदान केंद्रों पर वोटिंग; कल मतगणना
मतगणना 14 जून को होगी और उसी दिन देर शाम को परिणाम भी घोषित किया जाएगा।

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में गांव की सरकार के गठन के लिए त्रिस्तरीय पंचायतों में रिक्त विभिन्न पदों पर निर्वाचन के लिए मतदान शनिवार को हो गया। प्रदेश के 73 जिलों में बने मतदान केंद्रों पर शनिवार सात बजे से मतदान शुरु होकर शांतिपूर्ण ढंग से शाम छह बजे तक चला। प्रदेश में 8321 मतदान केंद्रों पर हुए मतदान में लगभग 64.74 प्रतिशत वोट डाले गए। अब इन सभी वोटों की 14 जून को प्रात: आठ बजे से होगी। शाम सात बजे तक परिणाम भी घोषित होंगे।

राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के बाद पंचायतों में रिक्त रहे पदों के लिए गत 31 मई को उपचुनावों की अधिसूचना जारी की गयी थी। रिक्त पदों में सात जिला पंचायत सदस्य, 186 क्षेत्र पंचायत सदस्य, 156 ग्राम प्रधान तथा 2,27,504 ग्राम पंचायत सदस्यों के पद शामिल थे। नामांकन व नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद 26 ग्राम प्रधान, एक जिला पंचायत सदस्य, 44 क्षेत्र पंचायत सदस्य व 2,06,941 सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हो गए थे। शेष पदों के लिए शनिवार को चित्रकूट व कासगंज को छोड़कर प्रदेश के अन्य जिलों में 8321 बूथों पर वोट डाले गए। कुछ स्थानों को छोड़ शेष सभी जगहों पर शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ। उन्होंने बताया कि 14 जून को होने वाली मतदान की तैयारी पूरी कर ली गयी है। चुनाव परिणामों की घोषणा के बाद जिन ग्राम पंचायतों का गठन नहीं हो सका था, वहां पर अब ग्राम प्रधानों की शपथ होगी और इसके बाद ग्राम पंचायतों की पहली बैठक भी होंगी।

गोरखपुर मंडल के महराजगंज में 72.24 फीसद पोलिंग

त्रिस्तरीय पंचायत के सामान्य निर्वाचन के बाद भी रिक्त रह गए पदों पर गोरखपुं मंडल में शनिवार को उपचुनाव शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो गया। महराजगंज में सर्वाधिक 72.24 फीसद मतदान हुआ। यहां 95 पदों के लिए 192 प्रत्याशी थे। गोरखपुर में 203 पदों के लिए हुए मतदान में 65 फीसद लोगों ने अपने अधिकार का इस्तेमाल किया। कुशीनगर में 70 पदों के लिए चुनाव सम्पन्न हुए जहां 62.2 फीसद वोट पड़े। यहां 178 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। संतकबीरनगर में प्रधान के एक जबकि सदस्यों के 138 पदों पर हुए मतदान में 65 फीसद लोगों ने अपनी भागीदारी की। देवरिया में 109 पदों के लिए हुए चुनाव में 56.98 फीसद लोगों ने मतदान किया। सिद्धार्थनगर में 98 पदों के लिए चुनाव में 59.02 फीसद लोगों ने अपने अधिकार का इस्तेमाल किया। बस्ती में 266 पदों के लिए हुए मतदान में 60 फीसद मतदान हुआ।

प्रयागराज मंडल के प्रयागराज में दिखा काफी उत्साह

प्रयागराज मंडल के प्रयागराज, प्रतापगढ़ व कौशांबी जिलों में शनिवार को पंचायत उपचुनाव में उत्साह से वोट डाले गए। प्रयागराज में प्रधान के तीन पदों और ग्राम पंचायत सदस्य के लिए 839 पदों के लिए 59.33 फीसद वोट डाले गए। प्रतापगढ़ में ग्राम प्रधान के दो, बीडीसी के 11 व ग्राम पंचायत सदस्य के 610 पदों के लिए शाम छह बजे तक 210 बूथों पर वोट डाले गए। यहां कुल 57.52 प्रतिशत मतदान हुआ। कौशांबी में 376 ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए 57 फीसद वोट डाले गए।

आगरा मंडल में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ उपचुनाव

आगरा मंडल में त्रिस्तरीय पंचायत के रिक्त पद पर शनिवार को उपचुनाव हुए। आगरा में प्रधान पद के एक, ग्राम पंचायत सदस्य के 156 पदों के लिए चुनाव हुआ। मथुरा में ग्राम पंचायत सदस्य के 192, बीडीसी के एक पद के लिए, फीरोजाबाद में ग्राम पंचायत सदस्य के 94, मैनपुरी में प्रधान के लिए दो, बीडीसी के लिए एक और ग्राम पंचायत सदस्य के 191 पदों के लिए चुनाव हुआ। सभी जिलों में शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न हुए।

बरेली में जमकर उमड़े मतदाता, 80 प्रतिशत पोलिंग

बरेली मंडल में खाली पद पर हुए उप चुनाव में मतदाताओं ने आम चुनाव से अधिक जोश दिखाया। बरेली में ही 80 फीसद से ज्यादा वोट पड़े। बरेली में प्रधान पद के चार, क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के दो और ग्राम पंचायत सदस्य के 112 पद के लिए करीब 80 फीसद मतदाताओं ने मताधिकार का इस्तेमाल किया। कहीं भी विवाद की स्थिति नहीं बनी। बदायूं में एक जिला पंचायत सदस्य पद, तीन बीडीसी और दो प्रधान पदों पर चुनाव हुआ। यहांं भी करीब 59 फीसद वोटिंग हुई। शाहजहांपुर में प्रधान पद के दो, क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के एक व 239 ग्राम पंचायत सदस्य पदों पर शांतिपूर्ण मतदान हुआ। यहां 67 फीसद वोटिंग हुई। मंडल में सुबह हुई तेज बारिश के बावजूद मतदाता पोलिंग बूथ तक पहुंचे।

सहारनपुर में 64.15 लोगों ने डाला वोट

सहारनपुर में दो ग्राम प्रधान सहित 599 अन्य पद के लिए 64.15 प्रतिशत लोगों ने वोट डाला। सुबह सात से शाम पांच बजे तक 64.15 प्रतिशत वोट पड़े। ग्राम पंचायतों में प्रधान पद के लिए नानौता ब्लाक की ग्राम पंचायत बाबूपुरा व ग्राम पंचायत गंगोह देहात के लिए वोट डाले गए।

मुरादाबाद में 70 फीसद से अधिक मतदान

पंचायत उप चुनाव में ठाकुरद्वारा व कुंदरकी को छोड़कर डिलारी, छजलैट, बिलारी, मूंढापांडे, मुरादाबाद और भगतपुर टांडा के साठ बूथों पर पर शाम छह बजे तक तक 70 फीसद से अधिक मतदान हुआ। मुरादाबाद में हटहट ग्राम पंचायत में प्रधान पद के साथ भगतपुर टांडा के पीपलगांव में प्रधान और दूसरे ग्राम पंचायत में बीडीसी के साथ सदस्य पदों पर वोटिंग हुई। महलकपुर निजामपुर ग्राम पंचायत में पांच वार्डों में ग्राम पंचायत सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान हुआ है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रीति जायसवाल ने बताया कि ग्राम प्रधान से दो, बीडीसी के एक और ग्राम पंचायत सदस्यों के 74 पदों के लिए मतदान हुआ है। 70 फीसद से अधिक मतदान हुआ है। कहीं भी किसी तरह तरह का कोई बड़ा विवाद नहीं हुआ है।

रामपुर में लगी लम्बी कतारें, 70 फीसद वोटिंग

रामपुर में पंचायत उपचुनाव में दो ग्राम प्रधान, दो बीडीसी सदस्य और 115 ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए वोट डाले गए। जहां प्रधान के लिए चुनाव हुआ, वहां मतदाताओं की लंबी कतारें लगी रहीं। शारीरिक दूरी भी नहीं बनाए रखी। सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक 70 फीसद मतदान हो चुका था। कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान संपन्न हुआ। झमाझम बारिश के चलते तकरीबन दो घंटे तक मतदान कार्य बाधित रहा। बारिश रुकने के बाद मतदान कार्य पुन: शुरू हो सका।

अमरोहा में कड़ी सुरक्षा, 75 फीसद मतदान

जनपद में पंचायत उपचुनाव कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। चार ग्राम प्रधान व 177 पंचायत सदस्यों का भविष्य मतपेटियों में कैद हो गया। सुबह सात बजे से 78 बूथों पर मतदान का कार्य शुरू हुआ और शाम छह बजे तक चला। अपर जिलाधिकारी विनय कुमार सिंह के मुताबिक मतदान का फीसद 75 फीसद से ज्यादा तक पहुंचने की उम्मीद है। यह चुनाव जिले के पांच ब्लाक क्षेत्रों अमरोहा, गजरौला, मंडी धनौरा, हसनपुर, गंगेश्वरी में हुआ है जबकि, जोया ब्लाक में सभी पंचायत सदस्य निॢवरोध चुन लिए गए हैं।

सम्भल में छह ब्लाक में पोलिंग

सम्भल जिले में शनिवार को पंचायत चुनाव के उपचुनाव में चार ग्राम प्रधान और 61 ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए छह ब्लाकों में मतदान हुआ। इस दौरान सुबह से ही मतदाताओं की केंद्रों पर लाइन लगी रही। मतदाता झमाझम बरसात के बीच मतदान करते रहे। शाम पांच बजे तक चले 43 बूथों पर मतदान में 74 फीसद मतदान हो चुका है। डीपीआरओ जाहिद हुसैन ने बताया कि चुनाव शांति पूर्ण रहा। मतदान फीसद ओर बढ़ सकता है।

गाजियाबाद में पंचायत उप चुनाव में जिले के चारों ब्लाक में शांतिपूर्ण तरीके से उप चुनाव संपन्न हो गए हैं। जिले में ग्राम पंचायत सदस्य की 74 और प्रधान पद की एक सीट पर चुनाव हुआ। ग्राम पंचायत सदस्यों के लिए 67.95 फीसद और प्रधान के लिए 91.68 फीसद मतदाताओं ने मतदान किया।

बिजनौर में 146 ग्राम पंचायतों में रिक्त ग्राम पंचायत सदस्यों के 504 पदों के लिए 65.33 फीसदी मतदान हुआ। कोतवाली देहात के ग्राम हरबंशपुर में क्षेत्र पंचायत सदस्य पद के लिए चुनाव हुआ। चुनाव कराने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त थे। शामली में ग्राम पंचायत सदस्य व बीडीसी पदों के लिए चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। जिले में ग्राम पंचायत सदस्य व बीडीसी पदों के लिए हो रहे उप चुनाव के लिए थानाभवन, शामली, कांधला व ऊन ब्लाक क्षेत्रों के 49 पदों के लिए मतदान हुआ है। इनमें दो बीडीसी पद भी शामिल है। यहां पर कुल 70.73 फीसद वोटिंग हुई। जौनपुर में ग्राम प्रधान तथा बीडीसी के रिक्त पद पर उप चुनाव में 60.24 प्रतिशत पोलिंग हुई। यहां प्रधान के पांच, बीडीसी के पांच तथा ग्राम पंचायत सदस्य के 135 खाली पड़े पद पर मतदान हो गया।

गौरतलब है कि शनिवार को ग्राम प्रधानों के 128, जिला पंचायत सदस्यों के छह, क्षेत्र पंचायतों के 137 तथा ग्राम पंचायतों में 14,179 रिक्त पदों के लिए उप चुनाव में मतदान हुआ। जिला पंचायत सदस्यों के कुल रिक्त सात पदों में एक पर निर्विरोध निर्वाचन होने के कारण छह का चयन वोटों से हो गया। इसी क्रम में क्षेत्र पंचायत सदस्यों के कुल रिक्त 186 पदों में 44 निर्विरोध चुने जाने के बाद 137 पदों पर मतदान हुआ जबकि ग्राम प्रधानों के रिक्त 156 पदों में से 26 आम सहमति से चके गए। ग्राम पंचायत सदस्यों के रिक्त 2,27,504 पदों में से 2,06,941 पर नाम वापसी के बाद चुनाव की जरूरत नहीं पड़ी। प्रदेश में इस बार के उप चुनाव के लिए 8321 मतदान स्थलों पर सुरक्षा प्रबंध के साथ कोरोना संक्रमण से बचाव के उपाय भी थे।

chat bot
आपका साथी