UP Panchayat By Election 2021: पंचायतों में रिक्त 14,450 पदों पर मतगणना पूरी, सभी परिणाम घोषित

UP Panchayat By Election 2021 उत्तर प्रदेश की त्रिस्तरीय पंचायतों में रिक्त 14450 पदों के लिए गत 12 जून को हुए उपचुनाव में वोटों की गिनती सोमवार शाम तक पूरी हो गई और सभी परिणाम भी घोषित कर दिए गए हैं।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Mon, 14 Jun 2021 10:05 PM (IST) Updated:Tue, 15 Jun 2021 08:50 AM (IST)
UP Panchayat By Election 2021: पंचायतों में रिक्त 14,450 पदों पर मतगणना पूरी, सभी परिणाम घोषित
उत्तर प्रदेश की पंचायतों में रिक्त पदों पर हुए उपचुनाव के परिणाम भी घोषित कर दिए गए हैं। (फाइल फोटो)

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश की त्रिस्तरीय पंचायतों में रिक्त 14,450 पदों के लिए गत 12 जून को हुए उपचुनाव में वोटों की गिनती सोमवार शाम तक पूरी हो गई और सभी परिणाम भी घोषित कर दिए गए हैं। इस प्रकार से प्रदेश की 75 जिला पंचायतों में सभी सदस्य पदों पर निर्वाचन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। पंचायतों के रिक्त पदों पर वोटों की गिनती पूरी होने के तुरंत बाद सरकार ने जिला पंचायत अध्यक्ष निर्वाचन प्रक्रिया आरंभ कर दी है। इसके बाद क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष चुनाव कराए जाएंगे।

उत्तर प्रदेश के 73 जिलों में हुई मतगणना में छह जिला पंचायत सदस्य, 137 क्षेत्र पंचायत सदस्य, 128 ग्राम प्रधान तथा 14179 ग्राम पंचायत सदस्यों के पदों का फैसला हुआ। पंचायतों के रिक्त पदों पर शनिवार को प्रदेश में 8321 मतदान केंद्रों पर हुए मतदान में लगभग 64.74 प्रतिशत वोट डाले गए थे। राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार के अनुसार मतगणना के दौरान कहीं से भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है। मतगणना केंद्रों पर कोरोना संक्रमण से बचाव के कड़े उपाय किए गए थे। अब परिणामों की घोषणा के बाद जिन ग्राम पंचायतों का गठन नहीं हो सका था वहां प्रधानों की शपथ होगी और ग्राम पंचायतों की पहली बैठक भी होंगी।

मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, बागपत, बुलंदशहर व बिजनौर में ग्राम पंचायत उपचुनाव की मतगणना शांतिपूर्ण संपन्न हुई। सभी परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। मेरठ में एक प्रधान, दो क्षेत्र पंचायत सदस्य और 96 ग्राम पंचायत सदस्य चुने गए हैं। बिजनौर में एक प्रधान, तीन क्षेत्र पंचायत सदस्य और 540 ग्राम पंचायत सदस्य, बागपत में एक क्षेत्र पंचायत सदस्य और 90 ग्राम पंचायत सदस्य, सहारनपुर में दो ग्राम प्रधान और 597 ग्राम पंचायत सदस्य, बुलंदशहर में तीन ग्राम प्रधान और 278 ग्राप पंचायत सदस्य, मुजफ्फरनगर में दो ग्राम प्रधान, एक क्षेत्र पंचायत सदस्य और 83 ग्राम पंचायत सदस्य, शामली में दो क्षेत्र पंचायत सदस्य और 47 ग्राम पंचायत सदस्य चुने गए हैं। 

उन्नाव में रिक्त हुई सीट से सिकंदरपुर कर्ण प्रथम से पूजा देशराज पासी 12341 वोटों से हुई विजयी। देशराज पासी की मौत की वजह से रिक्त हुई सीट थी। हसनगंज से प्रधान पद पप्पू, भोगला में सुमन रावत विजयी घोषित हुए हैं। इसी प्रकार कोरौली दयालपुर बीडीसी शिवकुमार गौतम विजयी हुए हैं।

बता दें कि पंचायत चुनाव के बाद पंचायतों में रिक्त रहे पदों के लिए गत 31 मई को उपचुनावों की अधिसूचना जारी की गयी थी। रिक्त पदों में सात जिला पंचायत सदस्य, 186 क्षेत्र पंचायत सदस्य, 156 ग्राम प्रधान तथा 2,27,504 ग्राम पंचायत सदस्यों के पद शामिल थे। नामांकन व नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद 26 ग्राम प्रधान, एक जिला पंचायत सदस्य, 44 क्षेत्र पंचायत सदस्य तथा 206941 सदस्य निर्विरोध निर्वाचित हो गए थे। शेष पदों के लिए शनिवार को चित्रकूट व कासगंज को छोड़कर प्रदेश के अन्य जिलों में 8321 पोलिंग बूथों पर वोट डाले गए थे, जिनके परिणाम घोषित कर दिए गए हैं।

मतगणना में धांधली को लेकर ग्रामीणों ने किया हंगामा : बागपत के सुलतानपुर हटाना गांव के लोगों ने देर रात 10:00 बजे 2 ग्राम पंचायत सदस्यों के चुनाव परिणाम में धांधली का आरोप लगाते हुए डीएम कैंप कार्यालय पर हंगामा किया। इन ग्रामीणों का आरोप है कि वार्ड नंबर 10 तथा 13 पर जीते हुए उम्मीदवारों की जगह दूसरे उम्मीदवारों को जीत दिखा कर प्रमाण पत्र दिया गया। एक अधिकारी और कर्मचारियों ने जानबूझकर ऐसा किया है । ग्रामीणों ने बताया कि डीएम ने उन्हें कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है।

chat bot
आपका साथी