UP MLC Election 2021: अखिलेश यादव की मौजदगी में SP के प्रत्याशी अहमद असन व राजेंद्र चौधरी ने किया नामांकन

UP MLC Election 2021 समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव की मौजूदगी में पार्टी के उम्मीदवारों पूर्व मंत्री तथा विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष अहमद हसन व राजेंद्र चौधरी ने विधान भवन में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

By Dharmendra PandeyEdited By: Publish:Fri, 15 Jan 2021 12:56 PM (IST) Updated:Fri, 15 Jan 2021 07:23 PM (IST)
UP MLC Election 2021: अखिलेश यादव की मौजदगी में SP  के प्रत्याशी अहमद असन व राजेंद्र चौधरी ने किया नामांकन
अखिलेश यादव ने बसपा मुखिया मायावती को जन्मदिन पर बधाई दी

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव में समाजवादी पार्टी के दोनों प्रत्याशियों ने शुक्रवार को अपना नामांकन दाखिल कर दिया। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव की मौजूदगी में पार्टी के उम्मीदवारों पूर्व मंत्री तथा विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष अहमद हसन व राजेंद्र चौधरी ने विधान भवन में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। अखिलेश यादव ने इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के दोनों उम्मीदवारों की जीत का दावा किया। 

अखिलेश यादव ने विधान परिषद चुनाव के लिए अहमद हसन और राजेंद्र चौधरी को मैदान में उतारा है। सपा ने अहमद हसन को पांचवीं बार मैदान में उतारा है। पूर्व आईपीएस अधिकारी रहे 88 वर्षीय अहमद हसन चार बार विधान परिषद के सदस्य रह चुके हैं। मुलायम यादव और अखिलेश यादव की सरकार में वह कबीना मंत्री भी रहे हैं। राजेंद्र चौधरी भी अखिलेश यादव सरकार में एमएलसी और कबीना मंत्री रहे हैं। वह सपा के संस्थापक सदस्यों में भी शामिल रहे हैं।

उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आने वाले 2022 के चुनाव में जनता भाजपा को उखाड़ फेंकने के लिए तैयार है। सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी अरविंद कुमार शर्मा को विधान परिषद चुनाव में प्रत्याशी घोषित करने पर तंज करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी पार्टी की सदस्यता ग्रहण करानी चाहिए। उन्होंने वैक्सीन का टीका मुफ्त लगाने की मांग दोहराते हुए सरकार की खामोशी पर सवाल भी उठाया। 

अखिलेश यादव ने बसपा मुखिया मायावती को जन्मदिन पर बधाई दी। इस अवसर पर जब उनसे पूछा गया कि बसपा तो 2022 में विधानसभा का चुनाव अकेले लड़ेगी तो उन्होंने कहा कि यह तो उनका फैसला है। हमको इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं देनी है।

प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार के कार्य पर अखिलेश यादव ने कहा कि यह लोग तो जहां बुल्डोजर चलने हैं वहां नहीं चला रहे हैं। हर काम में भेदभाव से ऊपर उठ ही नहीं पा रहे हैं। भाजपा की केंद्र सरकार किसान के लिए काले कानून लाई है तो उत्तर प्रदेश सरकार किसानों का शोषण कर रही है। विधानसभा चुनाव 2022 में इनको सारे काम का फल मिल जाएगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव 2022 बिल्कुल अलग तरह का होगा। जनता तो इनको इनके कामों का अहसास करा देगी।

chat bot
आपका साथी