UP New Ministers: यूपी सरकार के नए मंत्रियों में कुछ ने संभाला कामकाज और कुछ देख रहे मुहूर्त

UP New Ministers उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में कुछ माह शेष रहते योगी आदित्यनाथ सरकार में सात नए मंत्री बनाए गए हैं। विभागों का बंटवारा होने के अगले दिन यानी मंगलवार से मंत्रियों के कार्यभार ग्रहण करने का सिलसिला शुरू हो गया।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Tue, 28 Sep 2021 11:58 PM (IST) Updated:Wed, 29 Sep 2021 06:56 AM (IST)
UP New Ministers: यूपी सरकार के नए मंत्रियों में कुछ ने संभाला कामकाज और कुछ देख रहे मुहूर्त
यूपी सरकार के नए मंत्रियों में कुछ ने संभाला कामकाज

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में कुछ माह शेष रहते योगी आदित्यनाथ सरकार में सात नए मंत्री बनाए गए हैं। विभागों का बंटवारा होने के अगले दिन यानी मंगलवार से मंत्रियों के कार्यभार ग्रहण करने का सिलसिला शुरू हो गया। अभी कुछ मंत्रियों ने तो अपनी कुर्सी संभाल ली है, जबकि कुछ पूजा-पाठ और शुभ मुहूर्त के इंतजार में हैं।

योगी मंत्रिमंडल के दूसरे विस्तार में पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद को प्राविधिक शिक्षा विभाग का कैबिनेट मंत्री बनाया गया है। उनके अलावा छह राज्यमंत्री मंत्री बने हैं। इनमें पल्टू राम सैनिक कल्याण, होमगार्ड, प्रांतीय रक्षक दल एवं नागरिक सुरक्षा, डा. संगीता बलवंत को सहकारिता, धर्मवीर प्रजापति को औद्योगिक विकास विभाग, छत्रपाल सिंह गंगवार को राजस्व विभाग, संजीव कुमार को समाज कल्याण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग, जबकि दिनेश खटीक को जल शक्ति एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग का राज्यमंत्री बनाया गया है।

मंगलवार को संजीव कुमार और डा. संगीता बलवंत ने बापू भवन स्थित अपने कार्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण कर लिया। इसी तरह छत्रपाल सिंह गंगवार ने भी कुर्सी संभाल ली। इन मंत्रियों ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर कामकाज को समझा और उन्हें निर्देशित किया। धर्मवीर प्रजापति भी बापू भवन पहुंचे। अपने कार्यालय का निरीक्षण किया। मीडिया से बातचीत में बताया कि एक अक्टूबर को पूजा-पाठ के बाद कार्यभार संभालेंगे।

जितिन प्रसाद को दिवंगत कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान वाला कक्ष विधान भवन में मिला है। उनके नाम की पट्टिका तो लगा दी गई है, लेकिन अभी कार्यभार ग्रहण करने नहीं पहुंचे। माना जा रहा है कि इनमें से कुछ मंत्री पितृपक्ष के बाद अपने विभागीय काम की शुरुआत करना चाहते हैं।

बता दें कि कई महीनों के इंतजार के बाद रविवार को योगी मंत्रिमंडल का दूसरा विस्तार हुआ। इसमें कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद को विधान परिषद सदस्य मनोनीत कर कैबिनेट मंत्री की शपथ दिलाई गई, जबकि जातीय-क्षेत्रीय संतुलन बनाते हुए छह राज्य मंत्री बनाए गए। इसके बाद से नए मंत्रियों को विभाग बांटने को लेकर मंथन चला। सोमवार को भी इस पर विचार विमर्श के बाद रात को सीएम योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट कर जानकारी दी कि मंत्रिमंडल के नए सदस्यों को विभाग बांट दिए गए हैं।

chat bot
आपका साथी