UP सरकार का सख्त कदम, शवों को नदियों में प्रवाहित करने से रोकने के लिए गठित की समिति

सरकार ने नगरीय निकायों के लिए आदेश किए जारी। नगर निगमों में मेयर व नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों में अध्यक्ष के नेतृत्व में बनी समिति। नगरीय निकायों को 18 मई तक अपने-अपने यहां समिति गठित कर दो दिनों के भीतर बैठक करने के निर्देश।

By Divyansh RastogiEdited By: Publish:Sat, 15 May 2021 10:13 PM (IST) Updated:Sun, 16 May 2021 06:13 AM (IST)
UP सरकार का सख्त कदम, शवों को नदियों में प्रवाहित करने से रोकने के लिए गठित की समिति
नगरीय निकायों को 18 मई तक अपने-अपने यहां समिति गठित कर दो दिनों के भीतर बैठक करने के निर्देश।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। प्रदेश सरकार ने शवों को नदियों में प्रवाहित करने से रोकने के लिए नगरीय निकायों में समिति गठित कर दी है। नगर निगमों में मेयर व नगर पालिका परिषद एवं नगर पंचायतों में अध्यक्ष के नेतृत्व में यह समिति बनाई गई है। नगरीय निकाय अपने-अपने निकायों में स्थित नदियों में शवों को जल में प्रवाहित होने से रोकेंगे। 

अपर मुख्य सचिव रजनीश दुबे की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि नगर निगमों में संयोजक सचिव नगर आयुक्त होंगे। उपाध्यक्ष कार्यकारिणी समिति, मुख्य अभियंता सिविल या विद्युत यांत्रिक, नगर स्वास्थ्य अधिकारी इसके सदस्य होंगे। इनके अलावा महापौर द्वारा नामित 10 पार्षद भी इसके सदस्य होंगे। इसी प्रकार नगर पालिका परिषद व नगर पंचायतों में अधिशासी अधिकारी संयोजक सचिव होंगे। सहायक या अवर अभियंता सिविल, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक इसके सदस्य होंगे। यहां भी अध्यक्ष द्वारा नामित 10 पार्षद समिति के सदस्य होंगे। सभी नगरीय निकायों को 18 मई तक अपने-अपने यहां समिति गठित कर दो दिनों के भीतर बैठक करने के निर्देश दिए गए हैं। 

उधर, गाजीपुर से जागरण संवाददाता के अनुसार गहमर व जमानियां गंगा घाट पर शनिवार को भी दो-दो शव मिले। प्रशासन ने चारों शवों को गड्ढा खोदवा कर दफन करा दिया। वहीं, गहमर के बुलाकी दास मठिया घाट के पास दफनाए गए तीन शव शुक्रवार की देर शाम रेत हटने के कारण दिखने लगे थे। इन्हें प्रशासन फिर दफन कराया। 

सेवराई के एसडीएम रमेश मौर्य ने बताया कि शनिवार को दो शव मिले थे, जिसे दफन करा दिया गया। लोगों से अपील की गई है कि किसी भी हालत में गंगा में शवों का जल प्रवाह न करें। वहीं, जमानियां में बलुआ घाट  व बड़ेसर स्थित श्मशान घाट के सामने गंगा में मिले एक-एक शव का तहसीलदार घनश्याम ने नपा कर्मियों की मदद से अंतिम संस्कार कराया।

chat bot
आपका साथी