यूपी सरकार के मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने सपा से किए तीखे सवाल, अखिलेश यादव की औरंगजेब से की तुलना

भाजपा सरकार पर ट्वीट कर सवाल दागने वाले सपा मुखिया अखिलेश यादव पर सरकार के प्रवक्ता व मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने पलटवार किया है। उन्होंने सवाल किया कि देश में किस नेता ने अपने पिता को पार्टी के अध्यक्ष पद से जबरन हटाया? ऐसा तो औरंगजेब ने किया था।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Mon, 25 Oct 2021 09:31 PM (IST) Updated:Mon, 25 Oct 2021 09:34 PM (IST)
यूपी सरकार के मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने सपा से किए तीखे सवाल, अखिलेश यादव की औरंगजेब से की तुलना
सपा मुखिया अखिलेश यादव पर सरकार के प्रवक्ता व मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने पलटवार किया है।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। भारतीय जनता पार्टी की सरकार पर ट्वीट कर सवाल दागने वाले समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव पर यूपी सरकार के प्रवक्ता व मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने सवालिया अंदाज में ही पलटवार किया है। उन्होंने सवाल किया कि देश में किस नेता ने अपने पिता को पार्टी के अध्यक्ष पद से जबरन हटाया? ऐसा तो औरंगजेब ने किया था। अपने पिता शाहजहां को ही जेल भेजा था।

यूपी सरकार के मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह का दूसरा सवाल था कि देश के किस नेता ने अपने चाचा को पार्टी से जबरिया बेदखल किया और खुद कुर्सी कब्जा ली? किस नेता ने अपने भाई की पत्नी को पार्टी में जगह नहीं दी और उनके टिकट को लेकर भी हीलाहवाली करते हैं? सिद्धार्थनाथ ने कहा कि देश के इतिहास में ऐसा पुत्र पहले कभी नहीं देखा गया, लेकिन अखिलेश यादव ने सभी रिश्तों को तार-तार किया है।

समाजवादी पार्टी में दूसरे दलों के नेताओं के शामिल होने पर सिद्धार्थनाथ सिंह ने तंज कसा कि सपा फ्यूज बल्बों की झालर इकट्ठी कर रही है। उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव में सब दगे कारतूस निकलेंगे। फिर कुछ सवाल उछाले कि सपा के शासनकाल में यह नारा किसने दिया था कि खाली प्लाट हमारा है। किसकी सरकार में तबादला उद्योग चलता था?

बता दें कि समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने सोमवार को भाजपा सरकार से कई सवाल पूछे। उन्होंने ट्वीट किया '...अपने पिछले 4.5 सालों के कार्यों पर विपक्ष से सवाल करने वाले भाजपाई पहले ये तो बताएं कि उत्तर प्रदेश में भाजपा के राज से पहले रात में दुष्कर्म पीड़िता का शव जलाने, श्मशान व महामारी में घोटाले, गोरखपुर में इतने अधिक बच्चे मरने, किसानों पर जीप चढ़ाने और चंदा चोरी की घटना क्यों नहीं हुईं।'

अखिलेश यादव ने कहा कि आज सरकार मेडिकल कालेजों का उद्घाटन कर रही है, किंतु जिस समय इलाज, दवाई व आक्सीजन की सबसे ज्यादा जरूरत थी उस समय सरकार कहा थी। भाजपा ने झूठे विकास के पथ पर

नकारात्मक मील के पत्थर लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा राज से त्रस्त होकर लोग कह रहे हैं...'यही नारा आज का-नहीं चाहिए भाजपा।'

चुनावी लालीपाप हैं कांग्रेस की प्रतिज्ञाएं : संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना ने कांग्रेस को निशाने पर लिया। कांग्रेस की प्रतिज्ञाओं को चुनावी लालीपाप बताते हुए कहा कि कांग्रेस शासित राज्यों में प्रतिज्ञाओं को लागू नहीं किया गया है। इससे जाहिर होता है कि कांग्रेस लोगों को गुमराह कर रही है, लेकिन ऐसा होने वाला नहीं है। जनता भी सच्चाई देख रही है। उसे पता है कि कांग्रेस का यह लालीपाप धरातल पर नहीं उतरने वाला। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए कांग्रेस ने कोई काम नहीं किया। देश में खस्ता हाल स्वास्थ्य सेवाओं के लिए कांग्रेस जिम्मेदार है।

सुरेश खन्ना ने कहा कि देश और प्रदेश में पिछली निकम्मी सरकारों की वजह से लोगों को स्वास्थ्य की दुश्वारियां झेलनी पड़ीं। कोरोना काल में लोगों की सेवा में न विपक्ष दिखा और न ही उनके कारिंदे। लोगों की मदद करने के बजाय सिर्फ ट्विटर पर गाल बजाते रहे, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले-जिले दौरा किया, लोगों से मिले। उनके सुख-दुख में शामिल हुए। व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। चिकित्सा शिक्षा मंत्री ने दावा किया कि प्रदेश के इतिहास में पहली बार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में भाजपा की डबल इंजन सरकार लगी है।

chat bot
आपका साथी