प्रियंका के झाड़ू लगाने पर यूपी सरकार के मंत्री का कमेंट- देर से ही सही स्वच्छता अभियान की अहमियत पता चल गई

यूपी सरकार के मंत्री व प्रवक्त सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कांग्रेस महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका वाड्रा के लखनऊ में झाडू लगाने पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि देर में सही लेकिन प्रियंका को झाड़ू और स्वच्छता अभियान की अहमियत पता चल गई।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Sat, 09 Oct 2021 12:02 AM (IST) Updated:Sat, 09 Oct 2021 12:05 AM (IST)
प्रियंका के झाड़ू लगाने पर यूपी सरकार के मंत्री का कमेंट- देर से ही सही स्वच्छता अभियान की अहमियत पता चल गई
मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा के लखनऊ में झाडू लगाने पर तीखा हमला बोला।

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री व प्रवक्त सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कांग्रेस महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका वाड्रा के लखनऊ के लवकुशनगर में झाडू लगाने पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि वह प्रियंका वाड्रा का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान में शामिल होकर झाड़ू लगाने पर स्वागत करते हैं। देर में सही लेकिन प्रियंका को झाड़ू और स्वच्छता की अहमियत पता चल गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को प्रधानमंत्री के इस लोकप्रिय अभियान की महत्ता इतनी देर में पता चली।

मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि प्रियंका को समझना चाहिए कि उनका ड्रामा जनता अच्छी तरह समझ चुकी है। उन्होंने झाड़ू पकड़ने का नाटक तब किया है, जब कांग्रेस की समस्त उम्मीदों पर पहले ही झाड़ू फिर चुकी है।उन्होंने लखीमपुर खीरी कांड को लेकर चल रही सियासत पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी करारा प्रहार किया। कहा कि अखिलेश यादव के हर 24 घंटे में बयान बदलते हैं। वह कल धृतराष्ट्र की भूमिका में थे और आज संजय की। खीरी की घटना में कल अखिलेश को योगी सरकार का कोई एक्शन नहीं दिख रहा था और आज गांवों में भाजपा के झंडे उतरते दिख रहे हैं। बोले कि जनता सब देख रही है।

बता दें कि सीतापुर में हिरासत के दौरान झाड़ू लगाने वाली कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा ने अपने इस कृत्य पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से किए गए तंज पर तीखा पलटवार करने के साथ शुक्रवार को राजधानी के लवकुश नगर क्षेत्र के महर्षि वाल्मीकि मंदिर में भी झाड़ू लगाई। प्रियंका ने कहा कि झाड़ू लगाना कोई छोटा काम नहीं, यह स्वाभिमान और सादगी का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने ऐसा कह कर करोड़ों महिलाओं, सफाई कर्मचारियों और दलित समाज का अपमान किया है। उनकी यह टिप्पणी महिला और दलित विरोधी है। प्रियंका ने घोषणा की कि शनिवार को प्रदेश की सभी जिला कांग्रेस कमेटियां भगवान वाल्मीकि के मंदिरों में सफाई करेंगी।

chat bot
आपका साथी