UP Corona Vaccination: वैक्सीन लगवाने में पुरुषों से पिछड़ी महिलाएं, अब तक 2.71 करोड़ लगे टीके

UP Corona Vaccination उत्तर प्रदेश में चलाए जा रहे टीकाकरण महाभियान में लखनऊ सबसे आगे है और चित्रकूट सबसे पीछे है। प्रदेश में अब तक कुल 2.71 करोड़ लोगों ने वैक्सीन लगवाई है। टीके की पहली डोज 2.30 करोड़ और दूसरी डोज 40.98 लाख लोगों ने लगवाई है।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Wed, 23 Jun 2021 07:00 AM (IST) Updated:Wed, 23 Jun 2021 12:00 PM (IST)
UP Corona Vaccination: वैक्सीन लगवाने में पुरुषों से पिछड़ी महिलाएं, अब तक 2.71 करोड़ लगे टीके
उत्तर प्रदेश में अब तक कुल 2.71 करोड़ लोगों ने वैक्सीन लगवाई है।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए उत्तर प्रदेश में चलाए जा रहे टीकाकरण महाभियान में लखनऊ सबसे आगे है और चित्रकूट सबसे पीछे है। प्रदेश में अब तक कुल 2.71 करोड़ लोगों ने वैक्सीन लगवाई है। टीके की पहली डोज 2.30 करोड़ और दूसरी डोज 40.98 लाख लोगों ने लगवाई है। टीका लगवाने में पुरुष आगे हैं और महिलाएं पीछे हैं। युवाओं में टीकाकरण को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

उत्तर प्रदेश में अब तक सबसे ज्यादा लखनऊ में 12.72 लाख लोगों ने वैक्सीन लगवाई है। दूसरे नंबर पर गौतमबुद्धनगर में 10.44 लाख, तीसरे नंबर पर गाजियाबाद में 8.87 लाख, चौथे नंबर पर मेरठ में 8.52 लाख और पांचवें नंबर पर कानपुर में 8.07 लाख लोगों ने वैक्सीन लगवाई है। चित्रकूट में सबसे कम एक लाख लोगों ने ही अब तक टीके लगवाए हैं।

इसी प्रकार कासगंज में 1.24 लाख, ललितपुर में 1.32 लाख और कौशांबी में 1.43 लाख लोगों ने वैक्सीन लगवाई है। इन जिलों में भी टीकाकरण की रफ्तार सुस्त है। उधर टीकाकरण में पुरुषों के मुकाबले महिलाएं पीछे हैं। अब तक 1.32 करोड़ पुरुषों और 97.64 लाख महिलाओं ने टीके लगवाए हैं। कोरोना से बचाव के लिए टीका लगवाने में युवाओं में खासा जोश देखने को मिल रहा है। मई से 23 जिलों और फिर एक जून से सभी जिलों में 18 से 44 वर्ष की आयु के लोगों को टीके लगाए जाने की शुरुआत हुई।

उत्तर प्रदेश में अब तक 18 से 44 वर्ष की आयु के 80.11 लाख लोगों ने वैक्सीन लगवाई है। इस आयु वर्ग के नौ करोड़ लोगों को टीके लगाए जाने हैं। उधर एक मार्च से 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को टीके लगाए जाने की शुरुआत हुई और अब तक 60.70 लाख लोगों ने टीके लगवाए हैं। 45 से 59 वर्ष की उम्र के लोगों को एक अप्रैल से वैक्सीन लगाए जाने की शुरुआत हुई और अभी तक कुल 89.11 लाख ने टीके लगवाए हैं। प्रदेश में 60 वर्ष से अधिक उम्र के और 45 साल से 59 साल की उम्र के कुल चार करोड़ लोगों को टीके लगाए जाने हैं।

chat bot
आपका साथी