यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू का दावा- सपा टूट रही-भाजपा बिखर रही, प्रियंका के नेतृत्व में मिलेगा जनादेश

यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि सपा टूट रही है वहीं सत्ताधारी भाजपा पूरी तरह बिखर रही है। बारी-बारी से जनता को भ्रमित कर सत्ता में आने वाले सपा व भाजपा जैसे दलों के भ्रष्टाचार अपराध व घोटालेबाजी से जनता ऊब चुकी है।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 07:45 AM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 08:45 AM (IST)
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू का दावा- सपा टूट रही-भाजपा बिखर रही, प्रियंका के नेतृत्व में मिलेगा जनादेश
यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कहा कि प्रियंका वाड्रा के नेतृत्व में यूपी विधानसभा चुनाव में जनादेश मिलेगा।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद के कांग्रेस छोड़े जाने के बाद चर्चाओं का बाजार गर्म है कि अभी और नेता भी जा सकते हैं। इस बीच समाजवादी पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता और उनके समर्थकों को पार्टी की सदस्यता दिलाकर प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने टिप्पणी की है कि सपा टूट रही है और भाजपा बिखर रही है। साथ ही दावा किया कि 2022 के विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा के नेतृत्व में कांग्रेस को जनादेश मिलेगा।

कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में अजय कुमार लल्लू ने कहा कि सपा टूट रही है, वहीं सत्ताधारी भाजपा पूरी तरह बिखर रही है। बारी-बारी से जनता को भ्रमित कर सत्ता में आने वाले सपा व भाजपा जैसे दलों के भ्रष्टाचार, अपराध व घोटालेबाजी से जनता ऊब चुकी है। संकट के विपरीत काल में कांग्रेस उत्तर प्रदेश में जनता के मुद्दों पर सड़क से सदन तक संघर्ष कर रही है। वहीं सेवा सत्याग्रह के माध्यम से कोरोना जैसी महामारी की विभीषिका में कार्यकर्ता जरूरतमंदों की मदद करने में लगे हैं।

यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लूने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश प्रभारी प्रियंका वाड्रा के नेतृत्व में कांग्रेस प्रदेश में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। विधान परिषद में कांग्रेस के नेता सदन दीपक सिंह ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि योगी सरकार ने जनता की भावनाओं से खिलवाड़ कर उसे महंगाई व बेरोजगारी के मकड़जाल में फंसाकर सड़क पर छोड़ दिया।

पार्टी का दावा है कि सपा के पूर्व राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल यादव के साथ मैनपुरी, फीरोजाबाद और एटा के कई ग्राम प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्य कांग्रेस में शामिल हुए हैं। उल्लेखनीय है कि अनिल यादव ने करीब डेढ़-दो माह पहले सपा कार्यकर्ताओं द्वारा उनकी पत्नी व कांग्रेस प्रवक्ता पांखुडी पाठक से इंटरनेट मीडिया पर अभद्रता किए जाने और नेतृत्व द्वारा कार्रवाई न करने पर सपा छोड़ी थी।

chat bot
आपका साथी