UP Board Exam 2021: अंक सुधार परीक्षा की आंसर शीट के लिए बने 75 संकलन केंद्र, CCTV की निगरानी में होंगे जमा
UP Board Marks Improvement Exam हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की 18 सितंबर से शुरू हो रही अंक सुधार परीक्षा के लिए उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद ने उत्तर प्रदेश में 75 संकलन केंद्र बनाए हैं। हर जिला मुख्यालय पर एक-एक संकलन केंद्र बनाया गया है।
प्रयागराज [राज्य ब्यूरो]। UP Board Marks Improvement Exam: हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की 18 सितंबर से शुरू हो रही अंक सुधार परीक्षा के लिए उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) ने प्रदेश में 75 संकलन केंद्र बनाए हैं। हर जिला मुख्यालय पर एक-एक संकलन केंद्र बनाया गया है। इसमें परीक्षा के बाद उत्तर पुस्तिकाएं रखी जानी हैं। उत्तर पुस्तिकाएं सीसीटीवी की निगरानी में जमा कराई जाएंगी। सीसीटीवी कैमरे 24 घंटे क्रियाशील रहेंगे। इसकी क्लिप संकलन केंद्र के उप नियंत्रक (प्रधानाचार्य) को सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।
यूपी बोर्ड सचिव दिब्यकांत शुक्ल ने सभी संकलन केंद्र के उप नियंत्रक को भेजे पत्र में कहा है कि वर्ष 2021 के घोषित परिणाम से असंतुष्ट परीक्षार्थियों के लिए अंक सुधार परीक्षा हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की एक साथ होगी। 18 सितंबर से शुरू होकर हाईस्कूल की परीक्षा चार अक्टूबर एवं इंटरमीडिएट की छह अक्टूबर को खत्म होगी। सचिव ने कहा है कि तहसील परिक्षेत्र के परीक्षा केंद्रों से उत्तर पुस्तिकाओं के बंडल जिला मुख्यालय पर बनाए गए संकलन केंद्र पर जमा कराए जाएंगे।
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं के बंडल अलग-अलग रखे जाएंगे, ताकि मूल्यांकन के समय परेशानी न आए। संकलन केंद्र प्रभारी की यह जिम्मेदारी होगी कि निर्धारित समय पर बंडल न जमा होने पर जानकारी जिला विद्यालय निरीक्षक को देने के साथ ही यूपी बोर्ड मुख्यालय को भी दी जाए।
विशेष तौर पर कहा गया है कि जिन कक्षों में बंडल संकलित किया जाना है, उनमें दीमक एवं सीलन से बचाव के लिए तारकोल लगाने के साथ गैमेक्सीन का छिड़काव किया जाए। उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा के लिए सशस्त्र पुलिस बल की तैनाती की जानी है। संकलन केंद्र पर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराने के लिए जेनरेटर की व्यवस्था भी अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए गए हैं।