यूपी में हर बूथ पर जनकल्याणकारी योजनाओं की आज चर्चा करेंगे भाजपाई, पं.दीनदयाल को अर्पित करेंगे श्रद्धासुमन

पं.दीनदयाल उपाध्याय की 105वीं जयंती पर शनिवार को उत्तर प्रदेश के हर बूथ पर भाजपा की बूथ समितियां व पन्ना प्रमुख बैठकें कर अंत्योदय के प्रणेता को श्रद्धांजलि देंगे और केंद्र व उत्तर प्रदेश सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा करेंगे।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Sat, 25 Sep 2021 12:10 AM (IST) Updated:Sat, 25 Sep 2021 12:10 AM (IST)
यूपी में हर बूथ पर जनकल्याणकारी योजनाओं की आज चर्चा करेंगे भाजपाई, पं.दीनदयाल को अर्पित करेंगे श्रद्धासुमन
पं.दीनदयाल उपाध्याय की 105वीं जयंती पर भाजपा के विभिन्न कार्यक्रम।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। पं.दीनदयाल उपाध्याय की 105वीं जयंती पर शनिवार को उत्तर प्रदेश के हर बूथ पर भाजपा की बूथ समितियां व पन्ना प्रमुख बैठकें कर अंत्योदय के प्रणेता को श्रद्धांजलि देंगे और केंद्र व उत्तर प्रदेश सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा करेंगे। इसी कड़ी में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह और प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह भी शनिवार को राजधानी में दीन दयाल स्मृतिका पर पुष्पार्चन कर एकात्म मानववाद के प्रणेता को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। जयंती की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनसंघ के नायक को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री जेपीएस राठौर ने बताया कि जयंती की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को बूथ समितियों के साथ ही बूथ के पन्ना प्रमुखों ने पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्पार्चन करने के साथ ही अंत्योदय के विचार तथा संकल्पना को मूर्तरूप प्रदान करने वाली केंद्र व राज्य सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा की। शनिवार को बूथ स्तर पर पुष्पार्चन के साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर चर्चा होगी। 26 सितंबर को प्रत्येक बूथ पर प. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर पुष्प अर्पित करने के साथ पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम से जुड़ेंगे।

उन्होंने कहा कि जनधन, उज्ज्वला, प्रधानमंत्री आवास, शौचालय, आयुष्मान योजना, किसान सम्मान निधि, निश्शुल्क राशन वितरण जैसी योजनाएं पं. दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय विचार का अनुसरण हैं। ये योजनाएं गांव, गरीब, किसान व वंचित वर्ग के जीवन को आर्थिक रूप से समृद्ध बनाकर खुशहाल जीवन का आधार प्रदान करती है। उन्होंने बताया कि भाजपा सरकारों की जनकल्याणकारी योजनाओं की चर्चा के बाद पार्टी के सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता राष्ट्र की एकता, लोकतांत्रिक मूल्यों के आधार पर समतायुक्त समाज के निर्माण और नैतिक मूल्यों पर आधारित राजनीति के साथ ही पर्यावरण की रक्षा व प्रधानमंत्री के आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए संकल्प लेंगे।

chat bot
आपका साथी