यूपी भाजपा के प्रदेश सह संगठन महामंत्री भवानी सिंह का निधन, कोरोना संक्रमण के बाद बिगड़ गई थी तबीयत

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक और भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश सह संगठन महामंत्री भवानी सिंह का बुधवार को हैदराबाद के एक अस्पताल में निधन हो गया। भवानी सिंह बीते दिनों कोरोना संक्रमित हुए थे। हालत बिगड़ने के बाद लखनऊ पीजीआइ से एयर एम्बुलेंस से हैदराबाद भेजा गया था।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Thu, 06 May 2021 09:34 AM (IST) Updated:Thu, 06 May 2021 09:40 AM (IST)
यूपी भाजपा के प्रदेश सह संगठन महामंत्री भवानी सिंह का निधन, कोरोना संक्रमण के बाद बिगड़ गई थी तबीयत
उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश सह-संगठन महामंत्री भवानी सिंह का बुधवार को निधन हो गया।

लखनऊ, जेएनएन। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक और भारतीय जनता पार्टी के उत्तर प्रदेश सह संगठन महामंत्री भवानी सिंह का बुधवार को हैदराबाद के एक अस्पताल में निधन हो गया। भवानी सिंह बीते दिनों कोरोना संक्रमित हुए थे। उनका इलाज राजधानी लखनऊ के संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान में चल रहा था। हालत ज्यादा खराब होने पर उन्हें एयर एंबुलेंस से हैदराबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान बुधवार को उनका निधन हो गया।

कोरोना से संक्रमित भवानी सिंह की तबीयत बिगड़ने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें इलाज के लिए एयर एंबुलेंस से हैदराबाद भेजा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने कहा कि 'उत्तर प्रदेश भाजपा के सह-संगठन महामंत्री भवानी सिंह के निधन से अत्यंत दुख हुआ है। उन्होंने राज्य में भाजपा को मजबूत करने में अपना बहुमूल्य योगदान दिया। विनम्र, कर्मठ भवानी सिंह जी का पूरा जीवन जनसेवा में समर्पित रहा है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे। ओम शांति!'

दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने शोकसंतप्त परिवारीजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अपने शोक संदेश में कहा कि 'राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक तथा यूपी बीजेपी के सह संगठन महामंत्री भवानी सिंह का निधन अत्यंत दुःखद है। आपका सम्पूर्ण जीवन राष्ट्रवादी विचारधारा को समर्पित रहा। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें। ऊं शांति'

उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी भवानी सिंह के निधन पर शोक जताया है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने भवानी सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि भवानी सिंह कुशल संगठक होने के साथ कार्यकर्ताओं में अतिप्रिय थे। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की है। उनके निधन से पार्टी को बड़ी क्षति हुई है। प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, महामंत्री संगठन सुनील बंसल, जेपीएस राठौर, अनूप गुप्ता, गोविंद नारायण शुक्ला, अश्विनी त्यागी, प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज सिंह ने भी भवानी सिंह के निधन पर शोक जताया है।

chat bot
आपका साथी