यूपी बीजेपी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा- गांव, गरीब और किसान कल्याण ही सर्वोच्च प्राथमिकता

उत्तर प्रदेश में युवा महिला किसान पिछड़ा अनुसूचित व अल्पसंख्यक मोर्चों के 64 वर्चुअल जिला सम्मेलनों में आत्मनिर्भर भारत के लिए स्वदेशी का संकल्प लिया गया।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Fri, 05 Jun 2020 11:21 PM (IST) Updated:Sat, 06 Jun 2020 12:42 AM (IST)
यूपी बीजेपी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा- गांव, गरीब और किसान कल्याण ही सर्वोच्च प्राथमिकता
यूपी बीजेपी अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा- गांव, गरीब और किसान कल्याण ही सर्वोच्च प्राथमिकता

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। मोदी सरकार की वर्षगांठ पर जारी विशेष अभियान में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश में युवा, महिला, किसान, पिछड़ा, अनुसूचित व अल्पसंख्यक मोर्चों के 64 वर्चुअल जिला सम्मेलनों में आत्मनिर्भर भारत के लिए स्वदेशी का संकल्प लिया गया। उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने आगरा के अनुसूचित मोर्चा सम्मेलन और महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने मीरजापुर के किसान मोर्चा, फतेहपुर के पिछड़ा वर्ग मोर्चा व मैनपुरी के युवा मोर्चा सम्मेलन को वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया। 

दस जून तक चलने वाले जिला सम्मेलनों के अलावा मोर्चा पदाधिकारियों द्वारा मास्क व सैनिटाइजर वितरण कार्य भी कराया जा रहा है। उद्घाटन संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव ने गांव, गरीब व किसान को सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए आत्मनिर्भर भारत अभियान में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर के सपनों को भाजपा ही साकार कर रही है। इसी क्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बाबा साहब से जुड़े स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित कर सच्चे अर्थों में श्रद्धांजलि अर्पित की है। विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को गिनाते हुए कोरोना संक्रमण के समय मोदी व योगी सरकार द्वारा चुनौतियों का बेहतर ढ़ंग से सामना करने को सराहा।

उधर महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने किसान मोर्चा, पिछड़ा वर्ग मोर्चा व युवा मोर्चा सम्मेलनों में कहा कि वैश्विक महामारी के संकट से अन्य देशों की तुलना में काफी हद तक भारत को बचा पाने का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा सही समय पर लिए सटीक निर्णयों को जाता है। विकसित देशों की तुलना में महामारी का प्रभाव भारत में 60 प्रतिशत कम दिखता है। मृत्यु दर कम है व कोरोना संक्रमित मरीजों के स्वस्थ होने की दर ज्यादा है। गत तीन माह में कोरोना से लड़ने के लिए देश में 720 कोविड हॉस्पिटल बन चुके है। प्रदेश में लगभग एक लाख आईसोलेशन बेड तैयार है और रोजाना दस हजार टेस्ट की सुविधा भी हो चुकी है।

आज 64 वर्चुअल सम्मेलन करेगी भाजपा : भारतीय जनता पार्टी के जिला मोर्चा वर्चुअल सम्मेलनों की शृंखला में शनिवार को प्रदेश में 64 सम्मेलनों के जरिए आमजन तक मोदी सरकार का संदेश पहुंचाने का काम होगा।कार्यक्रम समन्वयक महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला ने बताया कि शनिवार को मऊ के पिछड़ा वर्ग मोर्चा सम्मेलन, वाराणसी युवा मोर्चा व मुजफ्फरनगर के महिला मोर्चा सम्मेलन को प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह संबोधित करेंगे। वहीं संतकबीरनगर में अनुसूचित मोर्चा व गाजियाबाद में महिला मोर्चा सम्मेलन को महामंत्री संगठन सुनील बंसल वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिये संबोधित करेंगे।

सह मीडिया प्रभारी हिमांशु दुबे के अनुसार केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार प्रयागराज के पिछड़ा वर्ग मोर्चा सम्मेलन, महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला पीलीभीत के किसान मोर्चा, विजय बहादुर पाठक चित्रकूट के युवा मोर्चा, पंकज सिंह बाराबंकी के किसान मोर्चा, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अध्यक्ष जेपीएस राठौर सहारनपुर के युवा मोर्चा, डा. लाल जी प्रसाद निर्मल बरेली के अनुसूचित मोर्चा, मंत्री सुरेश राणा महराजगंज के किसान मोर्चा, नीलिमा कटियार बलिया के महिला मोर्चा, सतीश द्विवेदी सीतापुर के युवा मोर्चा, उपेन्द्र तिवारी हमीरपुर के युवा मोर्चा, भूपेन्द्र सिंह प्रयागराज के किसान मोर्चा, दारा सिंह चौहान मेरठ के पिछड़ा वर्ग मोर्चा व गिरीश चंद यादव शामली के पिछड़ा वर्ग मोर्चा सम्मेलन को संबोधित करेंगे

chat bot
आपका साथी