मंडल स्तर पर तर्कों का तरकश सजाएगी भाजपा, मीडिया प्रभारी व प्रवक्ताओं को प्रशिक्षित करने की योजना तैयार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के साथ ही केंद्रीय मीडिया टीम के पदाधिकारियों व प्रवक्ताओं ने पिछले दिनों प्रदेश और जिला मीडिया टीम को प्रशिक्षित किया था। अब सभी मंडलों के मीडिया प्रभारी और प्रवक्ताओं को प्रशिक्षित करने की कार्ययोजना तैयार की है।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Tue, 28 Sep 2021 10:20 PM (IST) Updated:Tue, 28 Sep 2021 11:44 PM (IST)
मंडल स्तर पर तर्कों का तरकश सजाएगी भाजपा, मीडिया प्रभारी व प्रवक्ताओं को प्रशिक्षित करने की योजना तैयार
भाजपा ने सभी मंडलों के मीडिया प्रभारी और प्रवक्ताओं को प्रशिक्षित करने की कार्ययोजना तैयार की है।

लखनऊ, जेएनएन। विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी उत्तर प्रदेश सरकार अपनी उपलब्धियां जनता के बीच जाकर बता रही है तो विपक्षी दल प्रदेश सरकार के कार्यकाल को विफल बताने पर आमादा हैं। आरोप-प्रत्यारोप और तर्क-वितर्क का सिलसिला तेज होता जा रहा है। इसे देखते हुए संगठन की अन्य इकाइयों के साथ ही भाजपा ने अपने मीडिया विभाग को भी पहले से ज्यादा सक्रिय कर दिया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल के साथ ही केंद्रीय मीडिया टीम के पदाधिकारियों व प्रवक्ताओं ने पिछले दिनों प्रदेश और जिला मीडिया टीम को प्रशिक्षित किया था। उन्हें बताया था कि कैसे विपक्ष से मोर्चा लेकर भ्रमजाल को तोड़ते चलना है। भाजपा सभी 1918 मंडलों में मीडिया टीम पहले ही बना चुकी है। अब सभी मंडलों के मीडिया प्रभारी और प्रवक्ताओं को प्रशिक्षित करने की कार्ययोजना तैयार की है।

तय हुआ है कि प्रदेश मीडिया प्रभारी, सह प्रभारी, प्रदेश प्रवक्ता और पैनलिस्ट सभी 98 संगठनात्मक जिलों में प्रवास कर मीडिया टीम के साथ बैठकें करेंगे। विभाग के मंडल स्तर के पदाधिकारियों को बताएंगे कि कैसे सरकार और पार्टी के पक्ष को मजबूती से रखना है और विपक्ष के आरोपों को अपने तर्कों से कैसे बेअसर करना है। यह प्रवास कार्यक्रम सात अक्टूबर तक चलेंगे।

बूथ स्तरीय घर-घर संपर्क अभियान : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बूथ स्तरीय घर-घर संपर्क अभियान के अंतर्गत महानगर में सरकार की उपलब्धियों को बताते हुए जनसंपर्क किया। स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि 26 तारीख को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम 'मन की बात' सुनने के बाद से दो अक्टूबर तक महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर घर-घर संपर्क होगा और दो अक्टूबर को सभी बूथो पर मंडल इकाई द्वारा स्वच्छता अभियान चलाया जायेगा।

chat bot
आपका साथी