UP BJP Core Meeting: सीएम आवास पर भाजपा की कोर कमेटी की बैठक, शामिल होंगे CM योगी आदित्यनाथ व शीर्ष नेता
UP BJP Core Meetingमुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर कोर कमेटी की प्रस्तावित बैठक में सरकार और संगठन के पोस्ट कोविड सेंटर टीकाकरण अभियान सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को गोद लिए जाने की प्रक्रिया उनकी स्थिति आदि पर की समीक्षा की जाएगी।
लखनऊ, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी का शीर्ष नेतृत्व उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव को लेकर बेहद गंभीर है। जून में करीब 20 दिन बाद ही भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष तथा उत्तर प्रदेश के प्रभारी राधा मोहन सिंह का दौरा इसकी गंभीरता को दिखा रहा है।
भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश में सेवा, सम्पर्क और संवाद से विधानसभा चुनाव 2022 के लिए अपनी जमीन को मजबूत करेगी। लखनऊ में दो दिवसीय दौरे के पहले दिन सोमवार को संतोष के साथ राधामोहन सिंह पहले तो भाजपा दफ्तर पहुंचे। इसके बाद श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल जाकर टीकाकरण अभियान का जायजा लिया और फिर विद्या भारती के कार्यालय सरस्वती कुंज, निरालानगर पहुंचे। निराला नगर में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के पदाधिकारियों के साथ काफी देर तक वार्ता की। इस दौरान राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र प्रचारक अनिल के साथ भाजपा संगठन और सरकार के सेवा कार्यों पर चर्चा हुई। संघ पदाधिकारी से उनके सुझाव भी लिए गए। इस दौरान संतोष व राधा मोहन सिंह के साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह तथा महामंत्री संगठन सुनील बंसल भी थे। भाजपा का लक्ष्य सेवा, संपर्क और संवाद से चुनावी जमीन मजबूत करने का है।
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष और राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह दो दिवसीय प्रवास पर अब शाम को सीएम योगी आदित्यनाथ के सरकारी आवास पर होने वाली पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में सीएम योगी आदित्यनाथ के साथ दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य व डॉ. दिनेश शर्मा के अलावा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह व प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल भी रहेंगे।
मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर कोर कमेटी की प्रस्तावित बैठक में सरकार और संगठन के पोस्ट कोविड सेंटर, टीकाकरण अभियान, सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को गोद लिए जाने की प्रक्रिया, उनकी स्थिति आदि पर की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद 23 जून से यहां शुरू हो रहे पौधारोपण कार्यक्रम, 25 जून को मनाए जाने वाले आपातकाल के काले दिन सहित विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जनता से जुड़ाव बढ़ाने के लिए सेवा, संपर्क और संवाद के आगामी कार्यक्रमों को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा।
इस बैठक के जो भी निष्कर्ष होंगे, उसी आधार पर मंगलवार को प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, महामंत्री और प्रभारियों के साथ बैठक कर जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।