UP Assembly Election 2022: भाजपा संगठन को चुनावी शह-मात के पैंतरे सिखाएंगे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह

UP Assembly Election 2022 यूपी में कमल खिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले पार्टी के रणनीतिकार व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह यहां की चुनौतियों से अच्छे से वाकिफ हैं। 29 अक्टूबर को लखनऊ आ रहे शाह सदस्यता अभियान के शुभारंभ के बाद वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ चुनावी ताप भांपेंगे।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Tue, 26 Oct 2021 10:11 PM (IST) Updated:Wed, 27 Oct 2021 07:18 AM (IST)
UP Assembly Election 2022: भाजपा संगठन को चुनावी शह-मात के पैंतरे सिखाएंगे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह
UP Assembly Election 2022: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 29 अक्टूबर को लखनऊ आ रहे हैं।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी तैयारी युद्ध स्तर पर तेज कर दी है। लंबे समय तक भाजपा के लिए पथरीली रही उत्तर प्रदेश की धरती पर कमल खिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले पार्टी के रणनीतिकार व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह यहां की चुनौतियों से अच्छे से वाकिफ हैं। 29 अक्टूबर को लखनऊ आ रहे शाह सदस्यता अभियान का शुभारंभ करने के बाद वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ चुनावी ताप भांपेंगे। प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान और चुनाव प्रबंधन प्रभारी अनुराग ठाकुर सहित सभी सह-प्रभारी तो होंगे ही, पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ने 2019 के लोकसभा चुनाव के काबिल रणबांकुरों को भी रणनीति समझाने के लिए बुलाया है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शुक्रवार को लखनऊ आगमन पर चौधरी चरण सिंह हवाई अड्डे पर कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे, जिसके बाद वह सीधे वृंदावन योजना स्थित डिफेंस एक्सपो मैदान पहुंचेंगे। यहां पार्टी के सदस्यता अभियान का शुभारंभ करने के साथ ही अवध क्षेत्र के शक्ति केंद्र (सेक्टर) संयोजक व प्रभारियों के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। एलईडी प्रचार वाहन अलग-अलग जिलों के लिए रवाना करेंगे।

भाजपा पदाधकारियों ने बताया कि कार्यक्रम स्थल से अमित शाह पार्टी मुख्यालय आएंगे, जहां दिनभर संगठन की बैठकें चलेंगी। इनमें खास तौर से पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, 2019 के लोकसभा चुनाव में लोकसभा क्षेत्र के संयोजक व प्रभारी रहे कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें कर चुनाव की तैयारियां और माहौल पर फीडबैक लेंगे। साथ ही उन्हें आगामी विधानसभा चुनाव में जीत के लिए गुरुमंत्र देते हुए चुनावी शह-मात के पैंतरे सिखाएंगे।

अमित शाह की इन अहम बैठकों में शामिल होने के लिए प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, चुनाव प्रबंधन प्रभारी अनुराग ठाकुर सहित सभी सह प्रभारी भी आ रहे हैं। इन वरिष्ठ रणनीतिकारों के साथ होने वाली बैठक में शाह मिशन-2022 की रणनीति पर मार्गदर्शन देंगे। केंद्रीय गृह मंत्री के प्रवास को लेकर मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल, प्रदेश सहमहामंत्री संगठन कर्मवीर, प्रदेश महामंत्री जेपीएस राठौर, गोविन्द नारायण शुक्ला, अमर पाल मौर्य आदि शामिल हुए।

chat bot
आपका साथी