समाजवादी पार्टी का पॉलिटिकल जस्टिस पार्टी के साथ गठबंधन और लेबर एस पार्टी, नवनिर्माण पाटी व भारतीय किसान सेना का सपा में विलय

UP Assembly Election 2022 लखनऊ में सोमवार को समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में पॉलिटिकल जस्टिस पार्टी ने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन की घोषणा की। इसी दौरान लेबर एस पार्टी तथा भारतीय किसान सेना का सपा में विलय हुआ।

By Dharmendra PandeyEdited By: Publish:Mon, 15 Nov 2021 04:22 PM (IST) Updated:Tue, 16 Nov 2021 07:11 AM (IST)
समाजवादी पार्टी का पॉलिटिकल जस्टिस पार्टी के साथ गठबंधन और लेबर एस पार्टी, नवनिर्माण पाटी व भारतीय किसान सेना का सपा में विलय
अखिलेश यादव ने पॉलिटिकल जस्टिस पार्टी के साथ गठबंधन की घोषणा की।

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने छोटे दलों के साथ गठबंधन के क्रम में सोमवार को एक और कदम आगे बढ़ाया है। अखिलेश यादव ने पॉलिटिकल जस्टिस पार्टी के साथ गठबंधन की घोषणा की। इसके साथ ही लेबर एस पार्टी ने सोमवार को समाजवादी पार्टी में विलय की घोषणा की है।

लखनऊ में सोमवार को समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में पॉलिटिकल जस्टिस पार्टी ने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन की घोषणा की। इसी दौरान लेबर एस पार्टी तथा भारतीय किसान सेना का सपा में विलय हुआ। इनके नेताओं ने पार्टियों के समाजवादी पार्टी में विलय की भी घोषणा की। भारतीय किसान सेना के रामराज सिंह पटेल भी इस अवसर पर मौजूद थे। लेबर एस पार्टी के विलय से पहले महान दल के साथ सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी ने भी समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन किया है। इस दौरान कई दलों के नेता समाजवादी पार्टी में शामिल हुए। अखिल भारतीय नवनिर्माण पार्टी ने भी समाजवादी पार्टी में विलय किया। बदायूं से कांग्रेस के पूर्व सांसद सलीम शेरवानी तथा कांग्रेस की पूर्व सांसद अन्नू टंडन ने दो दर्जन नेताओं को समाजवादी पार्टी में शामिल कराया। समाजवादी पार्टी के प्रमुख ने कुंवर हर्षित की किताब दी सोशलिस्ट हीरो का विमोचन भी किया। पॉलिटिकल जस्टिस पार्टी ने सपा का समर्थन किया।

लखनऊ में गठबंधन तथा विलय कार्यक्रम के बाद अखिलेश यादव ने मीडिया को संबोधित किया। अखिलेश यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी अब समाजवादी पार्टी के बढ़ते कुनबे को देखकर बेहद भयभीत है। भाजपा ने तो प्रदेश को बर्बाद कर दिया है। यहां पर कानून बनाकर मजदूर को जकड़ा जा रहा है। इनको सरकार ने लॉकडाउन में अनाथ छोड़ दिया था। अखिलेश यादव ने ललितपुर के पीड़ित परिवार की एक लाख की मदद दी।

अखिलेश यादव ने कहा कि आज ही से सुल्तानपुर में समाजवादी पार्टी के नेताओं को घर में कैद किया गया है। यहां पर एक्सप्रेस-वे के सभी एंट्री प्वाइंट को बोल्डर लगाकर बंद किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कल जिस पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे, उसका निर्माण तो समाजवादी पार्टी ने किया है। इसके कार्य को जल्दी निपटाने के चक्कर में ऐसा बनाया गया है कि इस पर लम्बा सफर करने वालों की कमर में दर्द होगा। उन्होंने कहा कि हमारे कार्यकर्ता सांकेतिक रूप से इसका उद्घाटन करेंगे। समाजवादी पार्टी की सरकार में हम सभी एक्सप्रेस-वे किनारे मंडी बनाएंगे।

chat bot
आपका साथी