गृह मंत्री अमित शाह का 13 नवंबर को आजमगढ़ का दौरा, सीएम योगी आदित्यनाथ ने परखी तैयारियां

UP Assembly Election 2022 गृमुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आजमगढ़ का भ्रमण कर वहां 13 नवंबर 2021 को होने वाले राज्य विश्वविद्यालय के शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने यशपालपुर आजमबांध क्षेत्र में कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां की जा रही व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

By Dharmendra PandeyEdited By: Publish:Fri, 05 Nov 2021 05:15 PM (IST) Updated:Fri, 05 Nov 2021 10:42 PM (IST)
गृह मंत्री अमित शाह का 13 नवंबर को आजमगढ़ का दौरा, सीएम योगी आदित्यनाथ ने परखी तैयारियां
केन्द्रीय गृह तथा सहकारिता मंत्री अमित शाह-मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

लखनऊ, जेएनएन। उत्तर प्रदेश में 2022 में होने वाले विधानसभा की तैयारी में जुटी भारतीय जनता पार्टी के दिग्गज नेता भी उत्तर प्रदेश का लगातार दौरा कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पूर्वांचल दौरे के बाद अब केन्द्रीय गृह तथा सहकारिता मंत्री अमित शाह का 13 नवंबर को आजमगढ़ का दौरा है। अमित शाह के इस दौरे की तैयारी परखने सीएम योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को गोरखपुर से आजमगढ़ पहुंचे। उन्होंने कार्यक्रम स्थल के साथ ही अन्य जगह का भी निरीक्षण किया।

गृह मंत्री अमित शाह का 13 नवम्बर को आजमगढ़ का दौरा है। अमित शाह आजमगढ़ में राज्य विश्वविद्यालय की आधारशिला भी रखेंगे। इस दौरान उनकी अकबेलपुर में जनसभा भी होगी। सीएम योगी आदित्यनाथ दोपहर में गोरखपुर से आजमगढ़ पहुंचे। सीएम योगी आदित्यनाथ हेलिकाप्टर से आजमबांध पर कार्यक्रम स्थल के पास उतरे। सीएम योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर डीएम राजेश कुमार ने यहां पर सभी विभागों के अधिकारियों का अवकाश निरस्त कर दिया था।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आजमगढ़ का भ्रमण कर वहां 13 नवंबर, 2021 को होने वाले राज्य विश्वविद्यालय के शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने यशपालपुर आजमबांध क्षेत्र में कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां की जा रही व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इसके बाद जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देशित किया कि वाहनों की पार्किंग के लिए पर्याप्त स्थान की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कार्यक्रम स्थल के समीप ही पार्किंग स्थल बनाया जाए, ताकि जनता को ज्यादा दूर पैदल चलकर न जाना पड़े। उन्होंने कार्यक्रम स्थल के सम्पर्क मार्गाें की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश भी दिये। इसके पूर्व, जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री को तैयारियों की विस्तार से जानकारी दी। जिलाधिकारी ने विश्वविद्यालय परियोजना के संबंध में भी अवगत कराया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उत्तर प्रदेश विकास और समृद्धि के मार्ग पर आगे बढ़ा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आज उत्तर प्रदेश देश में अपनी नई पहचान स्थापित कर रहा है। वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश देश की सभी योजनाओं में अग्रणी भूमिका के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा आजमगढ़ के लिए स्वीकृत किये गए नए राज्य विश्वविद्यालय का शिलान्यास 13 नवंबर, 2021 को सम्पन्न होने जा रहा है। इसके दृष्टिगत आज उन्होंने जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ आहूत एक बैठक में शिलान्यास कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक समय था जब आजमगढ़ के नागरिकों और नौजवानों को पहचान के संकट के दौर से गुजरना पड़ा था, लेकिन आज आजमगढ़ विकास की नई गाथा लिख रहा है। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, इस क्षेत्र के भौतिक एवं औद्योगिक विकास के नये प्रतिमान स्थापित करेगा। इसी माह इस परियोजना का उद्घाटन किया जाएगा। आजमगढ़ को एयर कनेक्टिविटी प्रदान करने के लिए एयरपोर्ट के निर्माण की कार्यवाही युद्धस्तर पर की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आजमगढ़ में बहुप्रतीक्षित राज्य विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य अब मूर्तरूप लेने जा रहा है। उच्च शिक्षा के क्षेत्र में यह विश्वविद्यालय नया प्रतिमान स्थापित करेगा। आजमगढ़ के युवाओं के लिए उच्च शिक्षा के साथ-साथ रोजगार की व्यापक सम्भावनाओं को आगे बढ़ाने में इस विश्वविद्यालय की बहुत बड़ी भूमिका होगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आजमगढ़ वासियों के लिए अपना विश्वविद्यालय व एयरपोर्ट होगा आजमगढ़ पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का एक महत्वपूर्ण केन्द्र बिन्दु भी होगा। जनपदवासियों को गोवर्धन पूजा की बधाई देते हुए उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नए विश्वविद्यालय और अन्य उपलब्धियों से उत्साहित आजमगढ़ का हर नागरिक प्रफुल्लित और उत्साहित होगा और सरकार के अभियान के साथ जुड़कर आजमगढ़ को नई पहचान देने में योगदान करेगा। इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण तथा प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।

52 एकड़ में बनेगा राज्य विश्वविद्यालय : योगी आदित्यनाथ सरकार ने 2017 के विधानसभा चुनाव में मिली विजय के बाद ही यहां के लोगों विश्वविद्यालय बनवाने का आश्वासन दिया था। यहां राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना का निर्णय प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने सत्ता में आने के बाद निर्णय लिया था। 52 एकड़ में बनने वाले इस राज्य विश्वविद्यालय का शुभारम्भ एक माह पहले ही शुरू हो जाना था, पर जिले में हुई भारी बारिश के कारण लेट हो गया। आजमगढ़ मुख्यालय से विश्वविद्यालय की दूरी करीब 16 किमी है। गाजीपुर में बन रहे हाईवे से यूनिवर्सिटी के मार्ग को जोड़ा जाएगा। इसके निर्माण में कुल करीब 934 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

chat bot
आपका साथी