केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सपा पर तंज, बोले- जिनके राज में बिजली नहीं आती, वह मुफ्त क्या देंगे

मोदी-योगी शासन की तमाम जनहितकारी योजनाओं के केंद्र में पिछड़े शोषित और दलितों को बताते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने विपक्ष पर तीखे हमले किए। विपक्षी दलों के गठबंधन पर तंज कसा कि गरीब-पिछड़ों के खिलाफ बेईमान और सत्तालोलुप का गठजोड़ हो रहा है।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Thu, 28 Oct 2021 08:13 PM (IST) Updated:Thu, 28 Oct 2021 08:13 PM (IST)
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सपा पर तंज, बोले- जिनके राज में बिजली नहीं आती, वह मुफ्त क्या देंगे
सपा मुखिया अखिलेश यादव के मुफ्त बिजली देने ऐलान पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने तंज कसा है।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। पिछड़ा वर्ग और खास तौर पर कुर्मी समाज के नेताओं का जिक्र करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने समाज के प्रतिनिधियों को संदेश दिया कि सत्ता और संगठन में उन्हें कितनी भागीदारी मिली है। मोदी-योगी शासन की तमाम जनहितकारी योजनाओं के केंद्र में पिछड़े, शोषित और दलितों को बताते हुए उन्होंने विपक्षी खेमे पर भी तीखे हमले किए। बिना किसी का नाम लिए विपक्षी दलों के गठबंधन पर तंज कसा कि गरीब-पिछड़ों के खिलाफ बेईमान और सत्तालोलुप का गठजोड़ हो रहा है।

भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा द्वारा गुरुवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में कुर्मी समाज का प्रतिनिधि सम्मेलन आयोजित किया गया। भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने सामाजिक सम्मेलन में बात ही यहां से शुरू की कि देश में सामाजिक बिरादरी का अपना महत्व है। अलग-अलग प्रसंगों के साथ छत्रपति साहूजी महाराज और सरदार बल्लभभाई पटेल का जिक्र किया। पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह और पूर्व मंत्री ओमप्रकाश सिंह को समाज की विभूति बताते हुए पूर्व मंत्री संतोष गंगवार और खुद को मिले मंत्री पद का उल्लेख कर बताया कि भाजपा ने पिछड़ों को कितना मान दिया।

धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि इस समाज को महत्व और जिम्मेदारी भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दी है। उन्होंने कहा कि कल्याणकारी योजनाएं मोदी-योगी सरकार की पहचान बनी हुई हैं। आज कोई भी व्यक्ति अपने जिले के लाभार्थियों की संख्या बता सकता है। उज्ज्वला सहित अधिसंख्य योजनाओं में 60 फीसद लाभार्थी पिछड़ा वर्ग से ही हैं। केंद्रीय मंत्री ने समाज को चेताया कि दहशतगर्दी और गुंडागर्दी बढ़ने से सबसे ज्यादा नुकसान पिछड़े, दलित और गरीबों को होता है।

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने विपक्षी दलों पर चुटकी ली। बिना नाम लिए सपा मुखिया अखिलेश यादव की ओर इशारा किया कि कल एक परिवार के युवराज कह रहे थे कि हम पिछड़ों को एकजुट कर रहे हैं, जबकि वह परिवार को मजबूत कर रहे थे। वह मुफ्त बिजली की बात करते हैं, जबकि उनके शासन में बिजली आती ही नहीं थी। इसी तरह दिल्ली में एक खानदान तय नहीं कर पा रहा कि परिवार का कौन सदस्य पार्टी का नेतृत्व करे। कांग्रेस यूपी में सरकार आने पर पेंशन देने की बात करते हैं, जबकि खुद पेंशन पर चल रही है। उनका नेतृत्व अमेठी और रायबरेली में देख सकते हैं। इसी तरह दो लड़कों की जोड़ी चर्चा में रही थी। इनमें से एक आज दिखाई नहीं दे रहे। एक युवा घूम रहे हैं। उनकी सत्ता आई तो वह मुख्यमंत्री, फिर चाचा और फिर धर्मपत्नी। वहीं, मोदी-योगी के आगे-पीछे कोई नहीं है।

सपा को वोट देकर न दें आतंकवाद और सिमी को आमंत्रण : सम्मेलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने सपा पर खास तौर से पैने शब्दबाण छोड़े। समाज के प्रतिनिधियों से कहा कि सपा प्रत्याशी के रूप में कुर्मी समाज का भी व्यक्ति आए तो वोट न देना। वह सदन में न जा पाए। हमें आतंकवाद और सिमी को आमंत्रण नहीं देना है। सपा को वोट देना भी पाप है। कांग्रेस पर निशाना साधते बोले कि कश्मीर और राम मंदिर मुद्दे का समाधान भूतपूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की वजह से नहीं हो सका था, जिसे मोदी सरकार ने पूरा किया। जिस राम जन्मभूमि पर अस्पताल बनाने की बात आम आदमी पार्टी के अरविंद केजरीवाल करते थे, वह अब माथा टेक रहे हैं। स्वतंत्रदेव ने कहा कि केजरीवाल बहुत बड़े ड्रामेबाज हैं, बहुत घटिया राजनीति करते हैं।

मंच पर यह भी मौजूद : उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री संतोष गंगवार, सांसद राजेश वर्मा, रेखा वर्मा, केसरीदेवी पटेल, आरके पटेल, प्रदेश सरकार के मंत्री मुकुट बिहारी वर्मा, राज्यमंत्री नीलिमा कटियार, छत्रपाल गंगवार, रमाशंकर पटेल, पूर्व सांसद पद्मसेन चौधरी और प्रदेश महामंत्री प्रियंका सिंह रावत।

chat bot
आपका साथी