सीतापुर में ओवरटेक करने में भिड़ी दो ट्रैक्टर-ट्रालियां, दो की मौत; एक गंभीर

सीतापुर के तंबौर रेउसा मार्ग पर धान लदी दो ट्रैक्टर-ट्रालियों की आपस में भिड़ंत हो गई। ओवरटेक करने में हुए हादसे में दोनों ट्रैक्टर-ट्रालियों के चालक की मौत हो गई। एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुआ।

By Rafiya NazEdited By: Publish:Sat, 16 Oct 2021 09:37 AM (IST) Updated:Sat, 16 Oct 2021 02:35 PM (IST)
सीतापुर में ओवरटेक करने में भिड़ी दो ट्रैक्टर-ट्रालियां, दो की मौत; एक गंभीर
सीतापुर में दो ट्रैक्टर-ट्रालियों की आपस में भिडंत।

सीतापुर, संवाद सूत्र। सीतापुर में तंबौर रेउसा मार्ग पर शुक्रवार देर रात धान लदी दो ट्रैक्टर-ट्रालियों की आपस में भिड़ंत हो गई। हादसा ओवरटेक करने में हुआ। जिसमें दोनों ट्रैक्टर-ट्रालियों के चालकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों किसान, ट्रैक्टर ट्रालियों में धान भरकर लखीमपुर मंडी बेचने जा रहे थे।

यह है मामला: शुक्रवार देर रात रेउसा इलाके के गांव सेउता निवासी रामदीन तंबोली पुत्र भगौती व दुर्गेश गुप्ता पुत्र उमाशंकर निवासी खरौंहा अपने-अपने ट्रैक्टर-ट्राली में धान भरकर लखीमपुर मंडी जा रहे थे। रात में रेउसा तंबौर मार्ग पर कठूरा पुलिया के पास ओवरटेक करने के चक्कर में दो ट्रैक्टर-ट्राली आपस में भिड़ गईं। जिसके बाद ट्रैक्टर-ट्राली सड़क किनारे खाई में पलट गईं। इस भीषण दुर्घटना में दोनों चालकों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं चालक दुर्गेश के साथ ट्रैक्‍टर ट्राली में बैठा उबैद निवासी सेउता हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल उबैद को सीएचसी इलाज के लिए पहुंचाया। जहां उसका उपचार किया जा रहा है। मृतकों के शव को पोस्टमार्टम भेजा गया है। जिसके बाद जाकर ट्रैफिक का संचालन सामान्‍य हुआ।

सुबह जुटी भीड़, तो लगा सड़क पर जाम: हादसे की जानकारी पर शनिवार सुबह घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। आसपास गांवों के लोग जुट गए जिससे रेउसा-तंबौर मार्ग पर जाम लग गया। करीब एक घंटे तक भीड़ सड़क पर जमा रही। जिसकी वजह से आवागमन बाधित हो गया। जाम हटाने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

गांवों में मातम, परिवारजन का बुरा हाल: धान बेचने जा रहे युवकों की मौत से दोनों गांवों में मातम का माहौल हो गया है। वहीं परिवारजन का रो-रोकर बुरा हाल है। जान-पहचान व सगे संबंधी घर पहुंच रहे हैं। वहीं घायल उबैद के परिवारजन उसके साथ अस्पताल में मौजूद हैं।

chat bot
आपका साथी