उत्तर प्रदेश भर में तैनात होंगे भाजपा के दो लाख स्वास्थ्य स्वयंसेवक, शुरू किया गया प्रशिक्षण कार्यक्रम

सेवा ही संगठन अभियान के तहत भाजपा प्रदेश भर में दो लाख स्वास्थ्य स्वयंसेवक तैनात करने जा रही है। जिला स्तर पर बनी स्वयंसेवकों की टीम को प्रशिक्षण देने के साथ ही लक्ष्य तय किया गया है कि इसी माह स्वयंसेवक बनाकर उन्हें प्रशिक्षित कर दिया जाएगा।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Tue, 10 Aug 2021 11:26 PM (IST) Updated:Tue, 10 Aug 2021 11:26 PM (IST)
उत्तर प्रदेश भर में तैनात होंगे भाजपा के दो लाख स्वास्थ्य स्वयंसेवक, शुरू किया गया प्रशिक्षण कार्यक्रम
उत्तर प्रदेश में भाजपा के दो लाख स्वास्थ्य स्वयंसेवक तैनात होंगे।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। कोरोना की दूसरी लहर से आमजन को हुए कष्ट से वाकिफ भारतीय जनता पार्टी भविष्य के लिए पूरी तरह सतर्क है। अब आगे ऐसे किसी भी खतरे की आशंका को देखते हुए सेवा ही संगठन अभियान के तहत पार्टी प्रदेश भर में दो लाख स्वास्थ्य स्वयंसेवक तैनात करने जा रही है। जिला स्तर पर बनी स्वयंसेवकों की टीम को प्रशिक्षण देने के साथ ही लक्ष्य तय किया गया है कि इसी माह मंडल और गांव स्तर तक स्वयंसेवक बनाकर उन्हें प्रशिक्षित कर दिया जाएगा।

राजधानी स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में मंगलवार को आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सीटी रवि, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने किया। स्वयंसेवकों को प्रशिक्षण डा.सूर्यकांत ने दिया। राष्ट्रीय महामंत्री ने विपक्षी दलों पर प्रहार करते हुए कहा कि विपक्ष के लोग सत्ता का उपयोग सिर्फ परिवारवाद, वंशवाद, भ्रष्टाचार, जातिवाद को बढ़ावा देकर अपना और अपनों के हितों को पूरा करने के लिए करते हैं। भाजपा समाज व देशहित के लिए सत्ता का उपयोग करती है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के मार्गदर्शन में सेवा ही संगठन के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने कोरोना संक्रमण की वैश्विक आपदा में सेवा और सहायता की अद्भुत मिसाल पेश की।

आज लखनऊ में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री श्री @CTRavi_BJP जी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) श्री @sunilbansalbjp जी एवं पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ ‘राष्ट्रीय स्वास्थ्य स्वयंसेवक अभियान’ के उद्घाटन समारोह में प्रतिभाग किया। pic.twitter.com/X2oZ99GIlR

— Swatantra Dev Singh (@swatantrabjp) August 10, 2021

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री सीटी रवि ने कहा कि अब एक बार फिर जब तीसरी लहर की आशंका जताई जा रही है तो पार्टी ने भी तय किया कि गांव-गांव, शहर-शहर स्वास्थ्य स्वयंसेवकों की टीम तैयार कर आमजन को कोरोना संक्रमण से बचाने और कोरोना के प्रभाव को कम से कम करते हुए उसके प्रसार को रोका जा सके। सीटी रवि ने कहा कि ईश्वर न करे कि कोरोना की तीसरी लहर आए, लेकिन यदि आती है तो स्वास्थ्य स्वयंसेवकों का यह दायित्व है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों, गांवों, वार्डों में संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए लोगों को जागरूक करें। प्राथमिक स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने में सहयोग करें।

प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि सभी ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में मंडल स्तर तक चार-चार और प्रत्येक गांव में दो-दो स्वास्थ्य स्वयंसेवक की टोली तैनात रहेगी, जिसमें एक चिकित्सक और एक महिला कार्यकर्ता की भागीदारी अनिवार्य रूप से होगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगभग दो लाख स्वास्थ्य स्वयंसेवकों की एक बड़ी फौज तैयार होगी, जो जन जीवन को सुरक्षित करने में अहम भूमिका निभाएगी।

प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल ने कहा कि स्वास्थ्य स्वयंसेवक अभियान शुरू हो चुका है। प्रशिक्षण जिला व मंडल स्तर पर भी होगा। अब तक 1.14 लाख स्वयंसेवक बन चुके हैं। कुछ दिनों में प्रत्येक गांव व वार्ड में पार्टी के दो स्वयंसेवक कोरोना की संभावित तीसरी लहर से मुकाबले के लिए तैयार हो जाएंगे। पार्टी के युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, चिकित्सा प्रकोष्ठ के पदाधिकारी भी हेल्थ वालंटियर के रूप में काम करेंगे। उन्होंने कहा कि सेवा ही संगठन के तहत हमें इस अभियान से समाजिक कार्यों में लगी विभिन्न संस्थाओं व व्यक्तियों को भी जोड़ना है। इस अवसर पर अभियान के प्रदेश संयोजक व प्रदेश महामंत्री अश्वनी त्यागी, प्रदेश मंत्री अर्चना मिश्रा, सह-संयोजक कामेश्वर मिश्र और डा. मनोज मिश्र भी उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी