सीतापुर में प्रधानी के दो उम्मीदवार भिड़े, पुलिस ने हिरासत में लिया; जांच में निकले कोरोना पॉजिटिव

सीतापुर के तंबौर थाने में उस समय खलबली मच गई जब पता चला कि सोमवार रात हिरासत में लिए गए प्रधान पद के दो उम्मीवार कोरोना पॉजिटिव हैं। आनन-फानन में थाना परिसर को सैनिटाइज कराया गया। दोनों को जेल भेज दिया गया है।

By Rafiya NazEdited By: Publish:Tue, 20 Apr 2021 07:30 PM (IST) Updated:Tue, 20 Apr 2021 07:30 PM (IST)
सीतापुर में प्रधानी के दो उम्मीदवार भिड़े, पुलिस ने हिरासत में लिया; जांच में निकले कोरोना पॉजिटिव
सीतापुर में प्रधानी के पद के लिए लड़ रहे उम्मीदवारों में मारपीट, निकले कोविड पॉजिटिव।

सीतापुर, जेएनएन। तंबौर थाने में उस समय खलबली मच गई, जब पता चला कि सोमवार रात हिरासत में लिए गए प्रधान पद के दो उम्मीवार कोरोना पॉजिटिव हैं। आनन-फानन में थाना परिसर को सैनिटाइज कराया गया। उम्मीदवारों को पकड़ने व उनके संपर्क में आए पुलिस कर्मियों के सैंपलिंग की तैयारी शुरू की गई है। मामला अकबरपुर गांव का है। यहां सोमवार रात वोट मांग रहे दो उम्मीदवार आपस में भिड़ गए। दोनों में बात इतनी बढ़ गई कि हाथापाई होने लगी। फिर दोनों पक्ष की ओर से ईंटा-पत्थर भी चले और कई राउंड फायरिंग भी हुई। बताया जा रहा है कि खबर पाकर गांव में दारोगा वीरेंद्र मिश्र पुलिस बल के साथ पहुंचे तो भी दोनों पक्ष एक-दूसरे पर ताल ठोंक रहे थे। जिस पर थानाध्यक्ष अंबर सिंह भी अकबरपुर पहुंच गए और दोनों पक्षों को घेर लिया। घटना रात 10.30 बजे की बताई जा रही है। उपद्रव बढ़ता देख थानाध्यक्ष ने बिसवां सीओ को खबर की। सीओ सुशील कुमार सिंह रेउसा पुलिस के साथ रात में ही अकबरपुर गांव पहुंचे थे। थानाध्यक्ष ने बताया, गिरफ्तार दोनों उम्मीदवारों में निवर्तमान प्रधान जुनेद व पूर्व प्रधान रईस का कोविड टेस्ट कराया गया है। इसमें वह दोनों पॉजिटिव आए हैं। फिलहाल रिमांड मंजूर होने के बाद दोनों उम्मीदवारों को एक-दूसरे पर जानलेवा हमले के आरोप में जेल भेज दिया है। 

तंबौर थानाध्यक्ष अंबर सिंह ने बताया, निवर्तमान प्रधान जुनेद के पक्ष से कुल सात नामजद और 20 अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा लिखा गया है। इसी तरह पूर्व प्रधान रईस के पक्ष से कुल 15 नामजद और 20 अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा हुआ है। इन दोनों आरोपितों के विरुद्ध खुद थानाध्यक्ष ने मुकदमा लिखाया है। अंबर सिंह ने बताया, दोनों पक्षों की पहले से ही रंजिश चली आ रही है। उन्होंने बताया, आरोपित उम्मीदवार जुनेद ने तो अपने घर का दरवाजा खुद तोड़ डाला और विपक्षियों पर घर के दरवाजे तोड़ने का आरोप लगा रहा था। 

बताया जा रहा है कि जेल भेजे गए दोनों आरोपित उम्मीदवार जुनेद व रईस समर्थकों के साथ सोमवार रात में ग्राम पंचायत के मजरा धोबियन पुरवा में वोट मांग रहे थे। इसी दौरान इनके बीच विवाद हुआ। दोनो पक्ष के मध्य ईंटा-पत्थर चले। फिर इन लोगों ने ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग कर गांव में दहशत फैलाई।

संपर्क में आए पुलिस कर्मियों की होगी कोविड जांच: सीएचसी अधीक्षक डा. संजय कुमार गौड़ ने बताया, अकबरपुर के आरोपित दोनों उम्मीदवार कोरोना संक्रमण की चपेट में हैं। इनके कोविड पॉजिटिव होने से अब इन उम्मीदवारों के संपर्क में आए पुलिस कर्मियों की कोविड जांच बुधवार को की जाएगी। उधर, थानाध्यक्ष अंबर सिंह ने नगर पंचायत की टीम को बुलाकर थाना परिसर को सैनिटाइज कराया है।

chat bot
आपका साथी