बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर दिसंबर अंत तक शुरू हो जाएगा यातायात, सीएम योगी आदित्यनाथ ने देखा प्रेजेंटेशन

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिसंबर अंत तक एक्सप्रेस-वे के मुख्य मार्ग का काम पूरा करने का निर्देश देने के साथ ही कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के दोनों ओर इंडस्ट्रियल कारिडोर-क्लस्टर स्थापित करने के लिए भूमि चिन्हित कर इनकी स्थापना का काम जल्द शुरू किया जाए।

By Umesh TiwariEdited By: Publish:Mon, 29 Nov 2021 11:06 PM (IST) Updated:Tue, 30 Nov 2021 07:19 AM (IST)
बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर दिसंबर अंत तक शुरू हो जाएगा यातायात, सीएम योगी आदित्यनाथ ने देखा प्रेजेंटेशन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने सरकारी आवास पर बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे परियोजना की प्रगति की पैकेजवार समीक्षा की।

लखनऊ [राज्य ब्यूरो]। अभी कुछ दिन पहले ही पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का उपहार उत्तर प्रदेश की जनता को देने वाली योगी आदित्यनाथ सरकार जल्द ही बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे का तोहफा भी जनता को देने जा रही है। निर्माण की प्रगति की समीक्षा कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि अगले माह के अंत यानी 31 दिसंबर तक एक्सप्रेस-वे का मुख्य मार्ग (मेन कैरिजवे) यातायात के लिए खोल दिया जाए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने सरकारी आवास पर बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे परियोजना की प्रगति की पैकेजवार समीक्षा की। दिसंबर अंत तक एक्सप्रेस-वे के मुख्य मार्ग का काम पूरा करने का निर्देश देने के साथ ही कहा कि बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के दोनों ओर इंडस्ट्रियल कारिडोर-क्लस्टर स्थापित करने के लिए भूमि चिन्हित कर इनकी स्थापना का काम जल्द शुरू किया जाए। एक्सप्रेस-वे निर्माण के साथ ही साइनेज, बोर्ड आदि भी लगा दिए जाएं।

समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्माण की प्रगति का प्रस्तुतीकरण भी देखा। उत्तर प्रदेश एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अवनीश कुमार अवस्थी ने सीएम योगी को बताया कि यह देश का सबसे सुरक्षित एक्सप्रेस-वे होगा। यह सबसे कम समय में पूरा किया जा रहा है। रोड एंथम का भी प्रस्तुतीकरण किया गया। यह एक्सप्रेस-वे प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र को देश की राजधानी दिल्ली से आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे एवं यमुना एक्सप्रेसवे के साथ सीधे लिंक कर देगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैठक से वर्चुअल जुड़े इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, बांदा और चित्रकूट के जिलाधिकारियों से परियोजना में सहयोग करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना, मुख्य सचिव आरके तिवारी, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त संजीव कुमार मित्तल, अपर मुख्य सचिव मुख्यमंत्री एसपी गोयल, प्रमुख सचिव लोक निर्माण नितिन रमेश गोकर्ण सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी