सीतापुर में क्रॉस्‍ड चेक से कर रहे थे खेल, उत्तराखंड के दो जालसाजों समेत तीन ग‍िरफ्तार

पकड़े गए जालसाज लोगों को ठगने के लिए सबसे पहले वह लोन संबंधी लुभावनी योजनाओं की जानकारी देने वाले पंपलेट छपाते थे। फिर इन पंपलेटों को अखबार के बीच में रखकर घर-घर प्रचार कराते थे। पंपलेट में कांटेक्ट नंबर देते थे।

By Anurag GuptaEdited By: Publish:Sun, 17 Jan 2021 01:23 PM (IST) Updated:Sun, 17 Jan 2021 01:39 PM (IST)
सीतापुर में क्रॉस्‍ड चेक से कर रहे थे खेल, उत्तराखंड के दो जालसाजों समेत तीन ग‍िरफ्तार
पुलिस ने जालसाजों के कब्जे से जो दस्तावेज बरामद किए हैं।

सीतापुर, जेएनएन। शहर कोतवाली पुलिस को शनिवार रात बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने उत्तराखंड राज्य के दो जालसाजों के साथ ही तीन शातिरों को दबोचा है। इनमें उत्तराखंड राज्य के उधम सिंह नगर के थाना बाजपुर के बाजपुर गांव का पृथ्वी सिंह, थाना कालीपुर के मानपुर नई बस्ती का आनंद बल्लभ जोशी के साथ ही उप्र के रामपुर जिले का बिंदर सिंह पकड़ा गया है। इन लोगों ने सितंबर 2019 में सीतापुर के दो लोगों को लोन सुविधा दिलाने के नाम पर कुल 2.76 लाख रुपए उनके बैंक खाते से चेक के माध्यम से निकाले थे। जिस पर दोनों पीड़ितों ने जालसाजों के विरुद्ध शहर कोतवाली में मुकदमा लिखाया था। अब पुलिस इस मामले में पकड़े गए आरोपितों जेल भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई में शामिल रोडवेज पुलिस चौकी इंचार्ज निर्मल तिवारी ने बताया कि जालसाजों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार सक्रिय थी। खबरी की सूचना पर इन्हें शनिवार को रोडवेज बस अड्डे से ही दबोचा गया है। प्रारंभिक पूछताछ में इन लोगों ने बताया है कि यह दोबारा फिर से ठगने के उद्देश्य शनिवार को शहर में दाखिल हुए थे।

तीनों की अलग-अलग रहती थी भूमिका

पकड़े गए जालसाज लोगों को ठगने के लिए सबसे पहले वह लोन संबंधी लुभावनी योजनाओं की जानकारी देने वाले पंपलेट छपाते थे। फिर इन पंपलेटों को अखबार के बीच में रखकर घर-घर प्रचार कराते थे। पंपलेट में कांटेक्ट नंबर देते थे। आने वाली कॉल को पृथ्वी सिंह रिसीव करता था। पृथ्वी सिंह जरूरतमंद को लोन के संबंध में प्रभावित करता था और उससे संबंधित दस्तावेज की मांग करता था। मौके पर जाकर लाभार्थी से दस्तावेज लेने का काम आनंद बल्लभ जोशी के जिम्मे था। रामपुर का बिंदर सिंह बैंकिंग का कार्य निपटाता था।

जरूरतमंद को इस तरह से ठगते थे आरोपित

तीनों आरोपितों ने बताया कि वह लोन के नाम पर जरूरतमंदों से दो चेक लेते थे। इसमें वह लाभार्थी के सामने ही रिमूवर पेन से दो क्रश बना देते थे। इसके बाद क्रॉस मिटाकर मनमर्जी के मुताबिक उस चेक में धनराशि लिखकर बैंक के माध्यम से संबंधित के खाते से धनराशि उड़ा लेते थे।

आरोपितों से पुलिस ने की बरामदगी

पुलिस ने पकड़े गए आरोपितों में पृथ्वी सिंह के कब्जे से दो आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, रिमूवर पेन, दो मोबाइल व 30 हजार रुपये बरामद किए हैं। दूसरे आरोपित आनंद बल्लभ जोशी के कब्जे से डीएल, मोबाइल, रिमूवर पेन और 12 हजार रुपये, आनंद बल्लभ जोशी के कब्जे से पुलिस ने आधार कार्ड, मोबाइल और 18 हजार रुपये बरामद किए हैं। इस तरह इन तीनों जालसाजों के कब्जे से पुलिस ने कुल 60 हजार रुपये बरामद किया है।

आधार में चेहरे एक जैसे नाम अलग-अलग

पुलिस ने जालसाजों के कब्जे से जो दस्तावेज बरामद किए हैं, उनमें आधार कार्ड में संबंधित व्यक्ति की लगी तस्वीर एक जैसी है, जबकि नाम अलग-अलग है।

ठगी का शिकार युवकों ने बताई हकीकत

सीतापुर शहर के आदर्श नगर सेक्टर के निवासी संतोष सिंह वैसे तो एमबीए तक पढ़ाई किए हैं वह बच्चों को ट्यूशन पढ़ाते हैं पर सेंटी क्षेत्र के नानकारी गांव में जूनियर हाई स्कूल बनवा रहे हैं इसी के मद्देनजर उन्होंने पकड़े गए जालसाजों से लोनिंग के लिए संपर्क किया था। इसमें उनके खाते से जालसाजों ने 1,38,500 रुपए क्रॉस चेक के जरिए ही उड़ा दिए। इसी तरह खैराबाद क्षेत्र के सरफापुर गांव के एमबीए पास दिनेश सिंह से भी इन जालसाजों ने 1,38,500 रुपये उनके खाते से निकाल लिए।

chat bot
आपका साथी